Font by Mehr Nastaliq Web

पहरेदार के नाम

pahredaar ke naam

मदन कश्यप

मदन कश्यप

पहरेदार के नाम

मदन कश्यप

और अधिकमदन कश्यप

    यह खिड़की किस दिशा में है पहरेदार!

    महीनों लगातार नाख़ून से खरोंचने के बाद

    मैंने इसमें एक सुराख बनाया है

    इससे होकर सुबह की एक किरण आएगी न पहरेदार?

    रात-दिन अँधेरे में रहते-रहते

    मेरा मस्तिष्क कालिख से भर गया है

    मैं रोशनी को देखने के लिए तरस गया हूँ पहरेदार

    बोलो तो सही इससे होकर एक किरण आएगी न!

    यह खिड़की किस दिशा में है?

    बड़ी घुटन है इस कमरे में

    यहाँ की हवा तक पुरानी हो गई है

    अपने ही आक्रोश से आहत और लहू-लुहान

    मैं अब अपने होने से भी डरने लगा हूँ

    अँधेरे में अपना चेहरा भी भयानक लगता है

    मैं तो कब का पागल हो गया होता

    अगर दरवाज़े के बाहर रात दिन

    तुम्हारे बैठे रहने का एहसास नहीं होता

    मानता हूँ पहरेदार! तुम बाहर हो

    धूप को छू सकते हो चाँदनी को सहला सकते हो

    लेकिन सीने पर बर्फ़ की काली चट्टान-सी।

    पिघलती हुई रातें

    और पीठ पर ज्वालामुखी से धधकते हुए दिन

    ढोते हुए तुम

    मुझसे भी अधिक मजबूर हो

    मुझे तरस आता है पहरेदार

    तुम्हारी एहसासहीन छटपटाहट पर

    बेजान बंदूक से निकलने वाली आवाज़ की तरह

    मुझे सावधान करने के लिए लगाई गई गूंगी हाँक पर

    मेरी भाषा अभी चीख़ के रूप में बची है पहरेदार

    पर तुम तो बिलकुल गूंगे बना दिए गए हो!

    —(1975 में आपातकाल के दौरान लिखी एक कविता, जो उन्हीं दिनों पुरुष पत्रिका में छपी थी)

    स्रोत :
    • रचनाकार : मदन कश्यप
    • प्रकाशन : हिन्दवी के लिए लेखक द्वारा चयनित

    Additional information available

    Click on the INTERESTING button to view additional information associated with this sher.

    OKAY

    About this sher

    Close

    rare Unpublished content

    This ghazal contains ashaar not published in the public domain. These are marked by a red line on the left.

    OKAY