सपने में आई वह नन्ही बच्ची
रक्त में लिपटा था उसका तन-बदन
वह मेरी ओर आना चाहती थी
लेकिन चल नहीं पा रही थी
उसने वहीं से बाँहें फैलायीं
पापा! पापा!!
मुझे बचा लो पापा!
मैं बढ़ना चाहा उसकी ओर
कि पीछे से वैसी ही आवाज़ आई
फिर दाएँ से बाएँ से
मेरे चारों ओर खड़ी थीं कोई तीस-चालीस लड़कियाँ
एक सरीखी नुची-चुथी लहूलुहान
पापा! पापा!!
हमें बचा लो पापा!
करुणा के उस समवेत स्वर में
डूब गई मेरी कायर आत्मा
मैं जड़वत खड़ा रहा बिजूके की तरह
बच्चियों के शरीर से ख़ून टपक रहा था
और आँखों से दहशत
चीख़ें बर्फ़ की तरह जम गई थीं उनके चेहरों पर
क्या इसी परिणति के लिए पैदा हुई थीं
ये लड़कियाँ इस सुंदर धरती पर
मैं अंदर से काठ होता जा रहा था
दूर खड़े तालियाँ बजा रहे थे
भूसंपदा की उछाल से
रातोरात खरबपति बन चुके धनपशु
उन्हें भा रहा था यह 'रियलिटी शो’
नीम रोशनी में बिजलियों से चमक रहे थे
उनके रक्त सने दाँत
उनके अट्टहास में खोती चली गईं करुण पुकारें
धीरे-धीरे विलोपित हो गईं सब
बची रही केवल वही एक
पापा! पापा!!
मुझे नहीं बचा सके पापा!
लेकिन उन्हें बचा लो!
मैंने उसके इशारे की ओर देखा
उन्हीं जैसी छोटी-बड़ी हज़ारों लड़कियाँ
बकरियाँ चराती
बर्तन माँजती
जलावन चुनती
कपड़े धोती
कित-कित खेलती
हँसती, रोती, दौड़ती, ठिठकती,
लड़ती-झगड़ती हज़ारों लड़कियाँ
असंख्य चेहरे एक दृश्य में संग्रथित
उन्हें बचा लो पापा!
उन्हें बचा लो पापा!
और मेरी उस छोटी बहन को तो ज़रूर बचा लो!
सामने धरती पर बैठी थी
दो साल की नंगधडंग लड़की
कटोरे में भात के कुछ दाने लिए
उसे ही गोद में लेकर घूमा करती थी मैं
पर अब वह बड़ी होने लगी थी
उठाने पर मेरी कमर दुखती थी
इसीलिए तो छोड़कर भागी थी उस दिन
पापा! पापा!!
वह होती मेरी गोद में
तो क्या मैं बच जाती!
- रचनाकार : मदन कश्यप
- प्रकाशन : हिन्दवी के लिए लेखक द्वारा चयनित
Additional information available
Click on the INTERESTING button to view additional information associated with this sher.
About this sher
rare Unpublished content
This ghazal contains ashaar not published in the public domain. These are marked by a red line on the left.