एक
नीम रोशनी में कुछ भी नहीं किया जा सकता
बातें कही और सुनीं तो जा सकती हैं
बतियाया नहीं जा सकता
कविता नहीं लिखी जा सकती
प्यार तो हरगिज़ नहीं किया जा सकता
नीम रोशनी में
अपने समय को भी नहीं देखा जा सकता
फिर इतिहास को देखने की तो बात ही बेमानी है
घुप्प अँधेरा हो
और कुछ भी न दिखे आँखों को
तो हाथ खोज लेते हैं दिशा
पाँव ढूँढ़ लेते हैं रास्ता
कितनी ख़तरनाक है यह नीम रोशनी
सब कुछ दीखता है
पर कुछ भी साफ़-साफ़ नहीं दीखता!
दो
जब आदमी सिर्फ़ आवाज़ों के पीछे दौड़ने लगे
और रोशनी इतनी मद्धिम हो
कि पुकारने वाले छायाओं की तरह दिखें
तब किसी भी चीज़ को धुँधलाया जा सकता है
इतिहास को
विश्वास को
किसी भी चीज़ को
पीछे-पीछे भागते आदमी के साथ यह सुविधा है
कि वह सोचता हुआ नहीं होता!
तीन
सबसे पहले रोशनी धुँधली की
फिर पसीने की तरह इत्मीनान से पोंछ डाले
अपने चेहरे से ख़ून के छींटे
और रक्त के फव्वारों को
इतिहास की ओर मोड़ दिया
वे सदी के सबसे चालाक हत्यारे हैं
उनका दावा है
उन्होंने दुनिया भर की बेहतरी के लिए की हैं
दुनिया भर की हत्याएँ!
- रचनाकार : मदन कश्यप
- प्रकाशन : हिन्दवी के लिए लेखक द्वारा चयनित
Additional information available
Click on the INTERESTING button to view additional information associated with this sher.
About this sher
rare Unpublished content
This ghazal contains ashaar not published in the public domain. These are marked by a red line on the left.