Font by Mehr Nastaliq Web

'नाम' की कविता

naam ki kavita

मदन कश्यप

मदन कश्यप

'नाम' की कविता

मदन कश्यप

और अधिकमदन कश्यप

    पहले तुमने एक नदी को नाम दिया 'इबोला'

    फिर एक महामारी को दे दिया नदी का नाम

    इस तरह अपवित्र किया निर्मल जलधारा को

    तुम दुहरा सकते हो पुरानी कहावत

    नाम में क्या रखा है

    लेकिन नाम ही में तो सब कुछ रखा है

    नहीं तो इस महामारी का नाम इबोला क्यों

    ह्वाइट हाउस या पेंटागन क्यों नहीं

    जहाँ से फैलती हैं

    दुनिया की तमाम बड़ी महामारियाँ

    नाम देने में हम भी किसी से पीछे नहीं हैं

    हम तो एक-एक नदी को कई-कई नाम देते हैं

    और हर नाम के पीछे

    एक कथा होती है

    अब नदी को भला

    इस बात से क्या फ़र्क़ पड़ता होगा

    कि ब्रह्मपुत्र पुरुष है और गंगा स्त्री

    लेकिन हमें तो पड़ता है

    हमारे गीतों में बदल जाती हैं उनकी भूमिकाएँ

    एक दिन मैंने पूछा

    लोहित भाई! तुम्हें पता है तुम्हारा नाम ब्रह्मपुत्र है

    उसने पलट कर देखा तक नहीं मेरी ओर

    शांत बहता रहा

    लहरें उसकी छोटी-छोटी उठ रही थीं गिर रही थीं

    प्रवाह के लोकतंत्र में

    सिंदूरी रंग धारा पर फैलता चला जा रहा था

    जैसे कह रहा हो मेरा नाम लोहित ही सही

    लेकिन महिमा तो ब्रह्मपुत्र की ही बख़ानी जा सकती है

    और गंगा

    वह तो जब-तब मिल जाती है आते-जाते

    हालाँकि मैं बचना चाहता हूँ उससे

    सम्मुख मिलने से अच्छा है

    कथाओं में मिलना

    फिर भी एक दिन हिम्मत करके पूछ ही लिया

    गंगा मैया!

    तुम तो हमारी सभ्यता की जननी हो

    तुम्हारे बीसियों नाम हैं

    किस नाम से पुकारूँ

    लोहित की तरह चुप नहीं रही

    पुराना परिचय जो है

    उसने तुनक कर कहा

    किसी नाम से नहीं

    वापस ले लो सारे नाम

    सारी कथाएँ

    गंदी नाली में बदल गई मेरी देह लगातार बथती रहती है

    तुम्हारा दिया हर नाम एक यातना है मेरे लिए

    तुम मुझे वैसे क्यों नहीं बहने देते

    जैसे दुनिया की तमाम नदियाँ बहती हैं

    दरअसल जब हम किसी को नाम दे रहे होते हैं

    तो उसको पहचान नहीं दे रहे होते

    उसकी उपयोगिता पहचान रह होते हैं

    फूल की किसी ख़ास ख़ुशबू का मतलब हमारे लिए है

    उस फूल के लिए क्या है

    बैल के बैल होने का मतलब हमारे लिए है

    बैल के लिए क्या है

    घोड़े के लिए क्या मतलब है घोड़ा होने का

    उसे तो पता भी न होगा कि हम

    शक्ति को घोड़े से मापते हैं

    हमारे अलावा किसे पता है कि ऐसे-ऐसे

    और इतने सारे नाम दे रखे हैं हमने

    ईश्वर को भी कहाँ पता होगा

    कि हमने उसको नाम दिया है ईश्वर!

    स्रोत :
    • रचनाकार : मदन कश्यप
    • प्रकाशन : हिन्दवी के लिए लेखक द्वारा चयनित

    Additional information available

    Click on the INTERESTING button to view additional information associated with this sher.

    OKAY

    About this sher

    Close

    rare Unpublished content

    This ghazal contains ashaar not published in the public domain. These are marked by a red line on the left.

    OKAY