माँ की एक तस्वीर थी
मैंने बचपन में कहीं देखी थी
माँ बीच में थी आजू-बाजू दो स्त्रियाँ थीं
सहेलियाँ रही होंगी अथवा दूर-दराज़ की रिश्तेदार
मैं पहचान नहीं पाया था
वह माँ की इकलौती तस्वीर थी
हो सकता है उसकी कोई कॉपी
उन स्त्रियों के पास हो जो उसमें माँ के साथ थीं
पर उसके बारे में मुझे कुछ नहीं मालूम
जब माँ मरी थी मैं उसका सबसे बड़ा बेटा
तब केवल आठ साल का था
यहीं इसी पटना में उसका आपरेशन हुआ था
मैं डॉक्टर का वह चाकू देखना चाहता हूँ
लेकिन मुझे उसका नाम तक पता नहीं है
कुछ बड़ा होने पर मैंने पिता से
उस डॉक्टर के बारे में पूछा था
तस्वीर के बारे में पूछा था
पर उन्होंने कुछ नहीं बताया
पिता का ब्रह्मास्त्र है उनकी चुप्पी
वे प्रायः किसी सवाल का जवाब नहीं देते
कभी कुछ बोलना ही पड़ा तो ऐसी
जली-कटी सुनाते हैं कि उसके बाद
मैं ही कुछ बोलने के लायक नहीं रह जाता
मैंने अपने तईं उस तस्वीर को ढूँढने की कोशिश की
मगर वह नहीं मिली
पिता ने जब माँ को ही नहीं सँभाला
तो भला तस्वीर को क्या सँभालते
माँ के बक्से में 'कल्याण' की कुछ प्रतियाँ और नानी की चिट्ठियाँ थीं
पिता के संदूक में सन् 48-49 की कुछ फ़िल्मी पत्रिकाएँ मिलीं
द्वितीय विश्वयुद्ध पर कुछ दुर्लभ डाक टिकट
और जर-ज़मीन तथा बँटवारे के दस्तावेज़ मिले
मगर वह तस्वीर कहीं नहीं थी
धीरे-धीरे मिटती रहीं माँ की निशानियाँ
कुछ साड़ियाँ थीं जो शादी में बहन को दे दी गईं
बक्सा टीन का था जंग लगते-लगते टूट गया।
कुछ गहने थे जिनके बारे में भी पिता कुछ नहीं बताते
बस कान का झुमका बचा है
और एक सफ़ेद चादर
जिस पर माँ हरे धागे से कुछ फूल-पत्तियाँ बना रही थी
यह अधूरी ही रह गई थी
मैंने स्मृतियों के साथ इसे भी सहेज रखा है
कहीं और नहीं पर मेरे जेहन में
अब भी कुछ धुँधली तस्वीरें हैं माँ की
पलकें मूँदने पर आहिस्ता-आहिस्ता
मेरी आँखों में उतरती है उसकी छाया।
- रचनाकार : मदन कश्यप
- प्रकाशन : हिन्दवी के लिए लेखक द्वारा चयनित
Additional information available
Click on the INTERESTING button to view additional information associated with this sher.
About this sher
rare Unpublished content
This ghazal contains ashaar not published in the public domain. These are marked by a red line on the left.