(विनोद कुमार शुक्ल से क्षमायाचना सहित)
हाँ, हमें जाना होगा
उसे देखने के लिए मसूरी या नैनीताल
और उसे देखने के लिए
पुरी अथवा कन्याकुमारी
फिर भी मैं चाहता हूँ
कि हिमालय को हिमालय की जगह ही रहना चाहिए
और समंदर को समंदर की जगह
नदियों को इसी तरह बहकर आना चाहिए
हिमालय से समंदर तक
वहाँ से निकलकर ठँडी हवाएँ बेशक आएँ हम तक
पर देवदार के जंगल को
देवदार के जंगल की जगह ही होना चाहिए
और घाटियों को घाटियों की जगह
पहाड़ ऐसा न करे
कि टूट कर घाटियों पर आ बरसे
अथवा नदियों का प्रवाह रोक ले
खेतों में फसलें ही उगें
कारख़ानों में बने औज़ार
हर जगह मिले ज़रूरत की हर चीज़
इसके लिए ज़रूरी है
चीज़ें हो अपनी-अपनी जगह पर
और सुरक्षित रहे आदमी के लिए
आदमी की जगह
नींद में सिर्फ़ नींद होनी चाहिए
हाँ, कुछ सपने हो सकते हैं
पर नींद में यात्राएँ तो हरगिज़ न हो
केवल भूगोल-खगोल ही नहीं
कोई इतिहास को भी नहीं पार करे नींद में
पसीने से पसीना ही टपके ख़ून नहीं
आदमी की हँसी
आदमी की हँसी जैसी ही लगे
जैसे धरती पर रहे।
वैसे ही आदमी के भीतर भी सुरक्षित रहे
आदमी के लिए जगह
फिर पीठ पर पीड़ाओं की पोटली उठाए
जब कहीं से चले कोई आदमी
तो किसी न किसी मोड़ पर उसे मिले
स्वागत में बाँहें फैलाए कोई दूसरा आदमी
कुछ ऐसे प्रतिस्थापित हो यह दुनिया
कि कहीं से कहीं भी जाना
किसी विस्थापन की तरह नहीं लगे!
- रचनाकार : मदन कश्यप
- प्रकाशन : हिन्दवी के लिए लेखक द्वारा चयनित
Additional information available
Click on the INTERESTING button to view additional information associated with this sher.
About this sher
rare Unpublished content
This ghazal contains ashaar not published in the public domain. These are marked by a red line on the left.