अच्छा लगता है
जब कोई अमरूदवाली
एक किलो तौलने के बाद
फाव में दे देती है एक छोटा-सा अमरूद
सब्जीवाली झोले में ऊपर से डाल देती है
एक मुट्ठी हरी-मिर्च या थोड़ा-सा मेथीपत्ता
हालाँकि मेरी पत्नी का मानना है
कि फाव देने वाले कम तौलते हैं
लेकिन ऐसा नहीं है
हर कम तौलने वाला फाव नहीं देता
और हर फाव देने वाला कम नहीं तौलता
ये दोनों अलग अलग प्रकरण हैं
भिन्न-भिन्न संस्कृतियों के अवशेष
फाव फाव है
और उसके होने का मतलब है उसका होना
जब कुछ हाथ आ जाता है फाव में
तो उसकी छुअन सीधे आत्मा तक पहुँचती है
यह महज़ मुफ़्तख़ोरी नहीं है
एकदम फोकट में नहीं मिलता फाव
कुछ ख़रीदने के बाद ही कुछ मिलता है
अक्सर फाव देते हैं वैसे लोग
जो महज़ बीच के विक्रेता नहीं होते
वे खेतों में स्वयं उगाते हैं फल-सब्जियाँ
तालाब से निकालते हैं सिंघाड़े-मखाने
और बाज़ार की गलाकाट संस्कृति से एकदम अलग
जब उन्हें सौंपते हैं किसी क्रेता को
तो किसी वस्तु के बेचने का नहीं
श्रम और पसीने की रचना को विदा करने का भाव होता है
वे डाल देते हैं झोले में थोड़ा-सा फाव
जैसे विदा होती बेटी के खोइछे में
माँ बाँध देती है थोड़ा-सा अन्न-द्रव्य
यह थोड़ा-सा
थोड़ा-सा नहीं होता है
सौदा-सुलुफ की किचकिचाहट को
यह ऐसे हर लेता है
जैसे सुंदर स्त्रियों की हँसी
ढंक देती है जीवन की कुरूपता को
यह कम सुकून की बात नहीं
कि बेहद हिसाबी होती जा रही इस दुनिया में
अब भी बचा है दही में थोड़ी-सी चीनी की तरह फाव
जैसे इस हिंस्र समाज में बचे हैं
थोड़े-से अच्छे लोग!
- रचनाकार : मदन कश्यप
- प्रकाशन : हिन्दवी के लिए लेखक द्वारा चयनित
Additional information available
Click on the INTERESTING button to view additional information associated with this sher.
About this sher
rare Unpublished content
This ghazal contains ashaar not published in the public domain. These are marked by a red line on the left.