बहुरुपिया
bahurupiya
जब वह पास आया
तो पाँव में प्लास्टिक की चप्पल देखकर
एकदम से हँसी फूट पड़ी
फिर लगा भला कैसे संभव है
महानगर की क्रूर सड़कों पर नंगे पाँव चलना
चाहे वह बहुरुपिया ही क्यों न हो
वैसे उसने अपनी तरफ़ से कोशिश की थी
दुम इतनी ऊँची लगाई थी
कि वह सिर से काफ़ी ऊपर उठी दिख रही थी
बाँस की खपच्चियों पर पीले काग़ज़ साटकर बना गदा
कमज़ोर भले हो चमकदार ख़ूब था
सिर पर गत्ते की चमकती टोपी थी
चेहरे और हाथ-पाँव पर ख़ूब लाल रंग पोत रखा था
लेकिन लाल लंगोटे की जगह धारीदार अंडरवियर
और बदन में सफेद बनियाइन उसकी पोल खोल रही थी
उसने हनुमान का बाना धरा था
पर इतने भर से भला क्या हनुमान लगता
वह भी इस ‘टेक्नो मेक-अप’ के युग में
जहाँ फ़िल्मों और टीवी सीरियलों में
तरह-तरह के हनुमान उछलकूद करते दिखते रहते हैं
वह भी समझ रहा था अपनी दिकदारियों को
तभी तो चाल में हनुमान होने की ठसक नहीं थी
बनने की विवशता और नहीं बन पाने की असहायता के बीच
फंसा हुआ एक उदास आदमी था वह
जो जीने का और कोई दूसरा तरीक़ा नहीं जानता था
इस बहुरुपिया लोकतंत्र में
किसी साधारण तमाशागर के लिए
बहुत कठिन है बहुरुपिया बनना और बने रहना
जबकि निगमित हो रही है सांप्रदायिकता
प्रगतिशील कहला रहा है जातिवाद
समृद्धि का सूचकांक बन गई हैं किसानों की आत्महत्याएँ
और आदिवासियों के ख़ून से सजाई जा रही हैं
भूमंडलीकरण की अल्पना
बस केवल बहुरुपिया है जो बहुरुपिया नहीं है!
- रचनाकार : मदन कश्यप
- प्रकाशन : हिन्दवी के लिए लेखक द्वारा चयनित
Additional information available
Click on the INTERESTING button to view additional information associated with this sher.
About this sher
rare Unpublished content
This ghazal contains ashaar not published in the public domain. These are marked by a red line on the left.