अकेलापन
akelapan
गुलदस्ते के सूखते फूल की उदास ख़ुशबू-सा मेरा अकेलापन
निकलना चाहता है उस खिड़की से बाहर
मेरी रगों में दौड़ती ख़ामोशी पुकारना चाहती है तुम्हें
सुन सकती हो तो सुनो
और जो नहीं सुन सकती, तब भी इन बेचैनियों के होने पर यक़ीन करो
कसमसाहट जो बाहर बहुत कम दिख रही है
भीतर बहुत-बहुत तेज़ है
नहीं मालूम कि पिछले कई दिनों से मैं खड़ा हूँ जिसमें
वह मज़बूरियों की कतार है या लालच की
यह अब इतना आसान नहीं
कि गणित के सवालों को हल करते हुए
समय के सवालों के हल पा लिए जाएँ
मैं तुम्हें प्यार करता हूँ शायद इसीलिए बेहद
कि तुम्हारा प्यार और बढ़ा देता है मेरा अकेलापन
कर देता है मुझे और बेचैन
और यह सब अब शामिल है मेरी आदत में
सबसे विश्वसनीय विचारधारा मुझे बचाती क्यों नहीं
सबसे सुंदर सपना मुझे लुभाता क्यों नहीं
मैं इस सच्चाई के साथ इसे पार करना चाहता हूँ
कि यही मेरा समय है
हालाँकि सरकार की तरह इसे भी मैंने चुना नहीं है
बारह बटा दस के कमरे में अकेला पड़ा हूँ
लावारिस सामान-जैसा
नियति ने हटा दिये हैं दृश्यों वाले सारे परदे
ईश्वर ने म्यूट कर दिया है दुनिया का टेलीविजन
कुछ और नहीं वह मेरी वीप्सा ही है
जिसने मुझे समेट दिया है इस कदर
मैं जितना फैलना चाह रहा हूँ इस दुनिया में
उतना ही सिमटता जा रहा हूँ अपने खोल में
केवल मनुष्यों की अनुपस्थिति नहीं
प्रत्ययों का संकुचन है अकेलापन
जो धीरे-धीरे हमें ले जाता है वहाँ
जहाँ से हम दुख को सराहने लगते हैं
हाँ, मैंने ही, मैंने ही चढ़ाए हैं
अपने ख़ून में यातनाओं के प्लेटलेट्स
कि कोई सुख मुझे मार न डाले
वह दुख जो माँ के गीत में था और अब तुम्हारी चुप्पी में है
मेरा भी है सबसे सच्चा और विश्वासी साथी
मैं विद्यापति के दुखों का वारिस हूँ
लेकिन मेरे पास नहीं है महादेव का डमरू
कृष्ण की वंशी
और शक्ति के गीत
कोई याचना
कोई आराधना
कोई अनुष्ठान
मेरे काम नहीं आने वाले
शायद तुम्हारे काम भी न आएँ
आओ
जो मुझसे नहीं मिलना चाहती
तब भी आओ
और मिलो मेरे अकेलापन से
मेरी उदासी में घोल दो थोड़ी और उदासी!
- रचनाकार : मदन कश्यप
- प्रकाशन : हिन्दवी के लिए लेखक द्वारा चयनित
Additional information available
Click on the INTERESTING button to view additional information associated with this sher.
About this sher
rare Unpublished content
This ghazal contains ashaar not published in the public domain. These are marked by a red line on the left.