एक
झील थी गहरी आँखों में
झील के ऊपर कुहरा था
कुहरे में एक किरण परी थी
उसका रंग सुनहरा था
बंजारों की मस्ती थी
धूप की उजली बस्ती थी
फूल ज़रा शरमाते थे
नन्ही कलियाँ हँसती थीं
उमड़-उमड़ कर ठिठक रहे थे
बादल कुछ-कुछ बिदक रहे थे
मद्धिम-मद्धिम जलना था पर
मन के दीपक भभक रहे थे
पर्वत ऊपर चाँद खिला था
बाँहों में सुमेरू दुबका था
दूधो नहलाया गुलाब था
छुपा-छुपा-सा आफ़ताब था
साँसों में उनचास पवन थे
पग के नीचे तीन भुवन थे
बाकी सब कुछ देख न पाया
पलकों का पहरा जो था!
दो
कुछ जानी कुछ अनजानी थी
आँखें कुछ-कुछ नूरानी थीं
रेशम-पथ की सरिताएँ थीं
इब्राहिम की क़ुर्बानी थी
मोहनजोदरो के नौवें तल
में जलती हुई बाती थी
कीलाक्षर में लिखी हुई वह
प्रेम की पहली पाती थी
प्रथमोच्चारण मंत्रों का वह
पहले यज्ञ की समिधा थी
सब कुछ अभिव्यंजित जिसमें
सहज-सी सुंदर अभिधा थी
रावी और चिनाब थी आँखें
दज़ला और फ़रात थी आँखें
दूर कहीं वह नील नदी थी
पानी जिसका गहरा था!
- रचनाकार : मदन कश्यप
- प्रकाशन : हिन्दवी के लिए लेखक द्वारा चयनित
Additional information available
Click on the INTERESTING button to view additional information associated with this sher.
About this sher
rare Unpublished content
This ghazal contains ashaar not published in the public domain. These are marked by a red line on the left.