ज़रूरी नहीं कि हमें ऐसी चीज़ें ही मारें
जो केवल मारने के लिए बनी हैं
जैसे कि बंदूकें
अथवा बारूदी सुरंगें या सरकारें
कभी-कभी जीवन के लिए ज़रूरी चीज़ें भी हमें मारती हैं
अब हवा और पानी से ज़्यादा ज़रूरी क्या हो सकता है
लेकिन बेहद तेज़ हवा और मूसलाधार बारिश
जब चक्रवात का रूप ले लेती है
तो उससे भयावह मौत की कल्पना नहीं की जा सकती
जो मारे गए उड़ीसा के तूफ़ान में
उन से ज़्यादा मौत का दंश झेल रहे हैं वे
जो किसी प्रकार बचे रह गए
अनाथ बच्चों और अपाहिज़ बूढ़ों की
ज़िंदगी में ज़िंदगी जैसा क्या है?
शाम ढलते अपने टूटे-फूटे घर में
दो नन्हे भाई-बहनों को साथ चिपकाए
जब लौटती है वह तेरह साल की लडकी
जिसके माता-पिता पिछले चक्रवात में मारे गए
तब अँधेरा जितना घर में होता है
उससे भी ज़्यादा उसकी आँखों में
क्या इसी अँधेरे का नाम है ईश्वर?
जिन्हें तूफान भी नहीं मार सका
वे राहत के महानाटक में मर गए
कोठों पर पहुँचने लगी हैं नन्ही बेटियाँ
और चायखानों में छोटे-छोटे बच्चे
जनतंत्र का कौन-सा चेहरा है यह?
यह कहना ग़लत है
कि कुत्तों की मौत मरा आदमी
कुत्ते की मौत ऐसी बदतर नहीं होती
और कभी होती है तो वह नृशंस आदमी की दी हुई मौत होती है
प्रकृति कभी कुत्तों को उस तरह नहीं मारती
जिस तरह उसने आदमियों को मारा गुजरात में
जिनके पास जितना सुरक्षित घर था
उन्हें मिली उतनी ही बुरी मौत
और उनके साथ केवल वे कुत्ते ही आदमी की बदतर मौत मरे
जिन्हें जंजीरों में बाँध रखा था आदमियों ने
मौत से ज़्यादा भयावह थी
मलवे में डूबी हुई ज़िंदगी
उस नन्हे बच्चे का क्या हुआ
जो हर आने-जाने वाले से कह रहा था
अंकल इसके नीचे मेरे मम्मी-पापा दबे हैं
उन्हें निकालिये अंकल!
आदमी का सबसे बड़ा सपना होता है
उसका अपना सुंदर-सा घर
और जब ठँड में ठिठुरता आदमी
अपने ही घर में लौटने से डरने लगे
तो समझिए उसके सारे सपनों का अंत हो चुका है!
- रचनाकार : मदन कश्यप
- प्रकाशन : हिन्दवी के लिए लेखक द्वारा चयनित
Additional information available
Click on the INTERESTING button to view additional information associated with this sher.
About this sher
rare Unpublished content
This ghazal contains ashaar not published in the public domain. These are marked by a red line on the left.