Font by Mehr Nastaliq Web

साठ का होना

saath ka hona

मदन कश्यप

मदन कश्यप

साठ का होना

मदन कश्यप

और अधिकमदन कश्यप

    तीस साल अपने को सँभालने में

    और तीस साल दायित्वों को टालने में कटे

    इस तरह साठ का हुआ मैं

    आदमी के अलावा शायद ही कोई जिनावर इतना जीता होगा

    कद्दावर हाथी भी इतनी उम्र तक नहीं जी पाते

    कुत्ते तो बमुश्किल दस-बारह साल जीते होंगे

    बैल और घोड़े भी बहुत अधिक नहीं जीते

    उन्हें तो काम करते ही देखा है

    हल खींचते-खींचते जल्दी ही बूढ़े हो जाते हैं बैल

    और असवार के लगाम खींचने पर

    दो टाँगों पर खड़े हो जाने वाले गठीले घोड़े

    कुछ ही दिनों में खरगीदड़ होकर

    ताँगों में जुते दिखते हैं

    मनुष्यों के दरवाज़ों पर बहुत नहीं दिखते बूढ़े बैल

    जो हल में नहीं जुत सकते

    और ऐसे घोड़े तो और भी नहीं

    जो ताँगा नहीं खींच सकते

    मैंने बैलों और घोड़ों को मरते हुए बहुत कम देखा है

    कहाँ चले जाते हैं बैल और घोड़े

    जो आदमी का भार उठाने के क़ाबिल नहीं रह जाते

    कहाँ चली जाती हैं गाएँ

    जो दूध देना बंद कर देती हैं

    हम उन जानवरों के बारे में काफ़ी कम जानते हैं

    जिनसे आदमी के स्वार्थ की पूर्ति नहीं होती

    लेकिन उनके बारे में भी कितना कम जानते हैं

    जिन्हें जोतते दुहते और दुलराते हैं

    आदमी ज़्यादा से ज़्यादा इसलिए जी पाता है

    क्योंकि बाकी जानवर कम से कम जीते हैं

    और जो कोई लम्बा जीवन जी लेता है

    उसे कछुआ होना होता है

    कछुआ बनकर ही तो जिया

    सिमटा रहा कल्पनाओं और विभ्रमों की खोल में

    बेहतर दुनिया के लिए रचने और लड़ने के नाम पर

    बदतर दुनिया को टुकुर-टुकुर देखता रहा चुपचाप

    तभी तो साठपूर्ति के दिन याद आए मुक्तिबोध

    जो साठ तक नहीं जी सके थे

    पर सवाल पूछ दिया था :

    'अब तक क्या किया जीवन क्या जिया...'

    ख़ुद को बचाने के लिए

    देखता रहा चुपचाप देश को मरते हुए

    और ख़ुद को भी कहाँ बचा पाया!

    स्रोत :
    • रचनाकार : मदन कश्यप
    • प्रकाशन : हिन्दवी के लिए लेखक द्वारा चयनित

    Additional information available

    Click on the INTERESTING button to view additional information associated with this sher.

    OKAY

    About this sher

    Close

    rare Unpublished content

    This ghazal contains ashaar not published in the public domain. These are marked by a red line on the left.

    OKAY