Font by Mehr Nastaliq Web

सात साल का प्रद्युम्न

saat saal ka pradyumn

मदन कश्यप

मदन कश्यप

सात साल का प्रद्युम्न

मदन कश्यप

और अधिकमदन कश्यप

    सात साल का प्रद्युम्न

    केवल सात साल का ही रहेगा

    धीरे-धीरे उसके माता-पिता बूढ़े हो जाएँगे

    बहन बड़ी होकर किसी बड़े पद पर जाएगी

    उसकी शादी होगी

    बच्चे होंगे

    बच्चे जब सात साल से अधिक के हो जाएँगे

    तब भी उनका मामा सात साल का ही रहेगा

    इसी तरह अपनी तस्वीरों में मुस्कुराता हुआ

    अदाएँ दिखाता हुआ

    बच्चे माँ से सुनेंगे अपने मामा के बारे में

    और स्कूल जाते हुए डरेंगे

    उसका दोस्त अगले जन्मदिन पर भी इन्तज़ार करेगा

    कि प्रद्युम्न आएगा

    और उसके साथ सबको चॉकलेट बाँटेगा

    दोस्त बड़ा होकर जब अपने बच्चों को स्कूल में बाँटने के लिए

    चॉकलेट का पैकेट थमाएगा

    उसे प्रद्युम्न याद आएगा

    जो तब भी केवल सात साल का ही होगा

    हत्यारे तुम्हें एहसास भी नहीं होगा

    तुमने एकसाथ कितनी हत्याएँ की हैं

    एक माँ एक पिता और एक बहन के साथ

    तुमने समय के एक हिस्से को भी मार दिया है

    बहुत तेज़ भाग रही है यह दुनिया

    यह किसी के लिए भी नहीं रुकती

    लेकिन कुछ लोग कहीं ठहर जाते हैं तो ताउम्र रुके रहते हैं

    उनकी पथराई आँखों में झाँक कर देख सकते हो तो देखो

    सुन सकते हो तो सुनो समय को दहाड़ें मारते हुए।

    गोरखपुर

    फ़र्रूख़ाबाद

    झारखंड

    और नासिक के अस्पतालों में मार दिये गये

    दो पाँच सात या नौ साल के बच्चे भी

    दो पाँच सात या नौ साल के ही रहेंगे

    उन बच्चों को तो पता भी नहीं चला होगा

    कि उनके साथ क्या हुआ

    यह बताना भी मुश्किल है कि उनकी आख़िरी छटपटाहटें

    जीवन के लिए थीं या मौत के लिए

    आप ख़ातिर जमाए रखिए

    इनके माता-पिता आप से कभी कुछ पूछने नहीं आएँगे

    उनकी रुलाई कभी आप तक नहीं पहुँचेगी

    उनके दुख को समय से बाहर कर दिया गया है

    कुछ बच्चे जो बच गए उन हादसों में

    धीरे-धीरे बड़े हो जाएँगे

    और पेट भरने के लिए किसी काम पर लग जाएँगे

    भरसक उन्हें याद भी न रहे हैं

    कि जहाँ से वे बचकर आ गए थे

    वहाँ अन्य ढेर सारे बच्चे मारे गए थे

    लेकिन माँ की आँखों में वे बच्चे उसी तरह

    ऑक्सीजन के अभाव में तड़प-तड़प कर मरते हुए रहेंगे

    आपके लिए भले वे मारे जाने से पहले ही मरे हुए बच्चे थे

    जिनका हिसाब ईश्वर भी नहीं रखता

    लेकिन मत भूलिए जिन्हें आप समय से बाहर कर देते हैं

    उनका भी अपना समय होता है!

    स्रोत :
    • रचनाकार : मदन कश्यप
    • प्रकाशन : हिन्दवी के लिए लेखक द्वारा चयनित

    Additional information available

    Click on the INTERESTING button to view additional information associated with this sher.

    OKAY

    About this sher

    Close

    rare Unpublished content

    This ghazal contains ashaar not published in the public domain. These are marked by a red line on the left.

    OKAY