नया अनहद

naya anhad

दिनेश कुमार शुक्ल

और अधिकदिनेश कुमार शुक्ल

    मन में एक पेड़ छतनार

    तहँ पै पंछी बसैं हज़ार

    कोयल कौआ कठफोर

    तोता मैना हंस चकोर

    बगुला आवैं पंख पसार

    लावैं पढ़िना मछरी मार

    पेंढुकी करै गुटुरगूँ प्यार

    हारिल लावैं लकड़ी चार

    तहँ पै लटकै एक भुजंग

    झूमैं पियै हवा की भंग

    लहलह लहरें लहै अनंग

    नीचे नाचै चपल कुरंग

    फूलैं कँवल भोर भिनुसार

    देहरी लाघैं गुँइयाँ चार

    आगे धरैं चरन सुकुमार

    चहुँदिसि टूटैं बज्र केंवार

    टुकटुक देखैं मोर चकोर

    फिर तो बना साँप की डोर

    चुनकर मोटी वाली डाल

    उसमें अपना झूला डाल

    मिलिकै झूलैं गुँइयाँ चार

    गावैं कोमल मेघ मल्हार

    उनके मन में सिंधु अपार

    जिसमें गरज रहा है ज्वार

    उनका मन निरमल अक्कास

    तहँ पै चलैं पवन उनचास

    आया सावन का त्योहार

    आँखें हरी-भरी रतनार

    उन आँखों में बसती रात

    उसमें तारों की बरसात

    उनका मन है अपरंपार

    उसमें झरते फूल हज़ार

    उसमें बहे बसंत बयार

    उसमें पूरा रितु संहार

    तहँ पै झरै अगम की धार

    सरसइ माया का संसार

    दह दह दहकै अग्नि अपार

    तहँ पै खुले केस एक नार

    करती बिजली का सिंगार

    नाचै लोक लाज को त्याग

    चंदन तन में लिपटे नाग

    उसके मन में गहरी हूक

    जिसमें बड़वानल की भूख

    उसमें नदियाँ जावैं सूख

    उसमें सागर जावैं सूख

    झूलैं सावन भादों मास

    झूलैं धरती और अक्कास

    नभ से झरती अमरित बूँद

    गुँइयाँ लेतीं आँखें मूँद

    फिर तो लगा ज़ोर झकझोर

    पींगें भरती नभ की ओर

    तन में खिलें बकुल के फूल

    गुँइयाँ जातीं रह रह झूल

    उनके मन में झरने सात

    झरते रहते सारी रात

    लाते सपनों की सौग़ात

    लाते परियों की बारात

    परियाँ लाती हैं बरसात

    अमरित बरस रहा दिन-रात

    फिर तो हरियाली का रंग

    जीवन भरता नई तरंग

    जगता गहरा जंगल एक

    मन में लहरा जंगल एक

    जिसमें झूमैं पेड़ हज़ार

    अम्बा निम्बा और कचनार

    उनमें एक पेड़ छतनार

    जिसमें पंछी बसैं हज़ार

    तहँ पुनि लटकै एक भुजंग

    नीचे नाचइ चपल कुरंग

    तब फिर आवैं गुँइयाँ चार

    मिलके गावैं मेघ मल्हार

    उन गुँइयों में गुँइयाँ चार

    उनमें एक पेड़ छतनार

    फिर उसमें भी गुँइयाँ चार

    पुनि पुनि एक पेड़ छतनार

    पुनि पुनि आवैं गुँइयाँ चार

    खेलइ जीवन अपरंपार

    विकसै भरै सकल संसार

    मुकुति-का-खिलइ-सहस-दल-कँवल

    हँसइ-जीवन-नित-नूतन-धवल

    बहइ-सर-सर-सर-झंझा-प्रबल

    कि-धँसकँइ-बड़ेन-बड़ेन के महल

    जब भी आवैं गुँइयाँ चार

    मिलि के गावैं मेघ मल्हार

    जग में मिटता अत्याचार

    राजा करता हाहाकार

    छाती पीटै सौ-सौ बार

    रोवैं मंत्री दाढ़ी जार

    छिपता-फिरता साहूकार

    फाँकै धूरि राज दरबार

    जब भी आवैं गुँइयाँ चार

    खोलैं सकल मुक्ति के द्वार

    चहुँदिसि टूटैं बज्र केंवार

    जब भी आवैं गुँइयाँ चार।

    स्रोत :
    • पुस्तक : एक पेड़ छतनार (पृष्ठ 20)
    • रचनाकार : दिनेश कुमार शुक्ल
    • प्रकाशन : राजकमल प्रकाशन
    • संस्करण : 2017

    Additional information available

    Click on the INTERESTING button to view additional information associated with this sher.

    OKAY

    About this sher

    Lorem ipsum dolor sit amet, consectetur adipiscing elit. Morbi volutpat porttitor tortor, varius dignissim.

    Close

    rare Unpublished content

    This ghazal contains ashaar not published in the public domain. These are marked by a red line on the left.

    OKAY

    जश्न-ए-रेख़्ता (2023) उर्दू भाषा का सबसे बड़ा उत्सव।

    पास यहाँ से प्राप्त कीजिए