Font by Mehr Nastaliq Web

मुझे पूरी तरह समझने से पहले

mujhe puri tarah samajhne se pahle

ज्योति यादव

ज्योति यादव

मुझे पूरी तरह समझने से पहले

ज्योति यादव

और अधिकज्योति यादव

    मुझे पूरी तरह समझने से पहले

    तुम्हें किताबों की एक लंबी फ़ेहरिस्त से गुज़रना चाहिए।

    तुम्हें पढ़नी चाहिए साबीर हाका की दस कविताएँ,

    ताकि तुम्हें इल्म हो

    कि मुहब्बत में मज़दूर होना भी उतना ही ज़रूरी है,

    जितना ज़रूरी है कवि होना।

    तुम्हें मिलना चाहिए सादिया हसन और उसकी दुनिया से…

    क्योंकि दंगों की आग में झोंक दिए गए प्रेमपत्र,

    सदियों बाद भी पूरी तरह जल नहीं पाते।

    तुम्हें अदीब की अदालत में भी जाना चाहिए

    तब तुम महसूस कर पाओगे कि

    दुनिया में चीख़ते-चिल्लाते मुर्दों के बीच,

    हर घड़ी जन्मते जाने कितने पकिस्तानों के बीच,

    किसी सलमा की मख़मली आवाज़ के मायने क्या हैं?

    और ‘गुनाहों के देवता’ को पढ़ते तुम्हें सोचना चाहिए

    कि चंदर ने बेरहमी से सुधा की क़िस्मत क्यों लिखी ?

    जबकि वह लिख सकता था उसके लिए एक प्यारी नज़्म,

    और बचा सकता था अपनी पूरी दुनिया।

    अगर तुम नहीं जानते

    कि आधी रात को हथेली पर प्रेम लिखना

    हृदय पर प्रेम लिखने जितना ज़रूरी है

    कि मन्नू भंडारी का सच,

    दुनिया के तमाम लोगों का सच है।

    अगर तुम ये सब नहीं जानते,

    तब फिर तुम मुझे नहीं समझ सकते

    और हम ज़िंदगी में बहुत दूर तक साथ नहीं चल सकते

    तब फिर मुझे तुमसे पाश की तरह विदा लेनी होगी दोस्त…

    और क्योंकि जाना हिंदी की सबसे ख़ौफ़नाक क्रिया है…

    मैं जाते वक़्त तुम्हें दूँगी कुछ किताबें, दो ख़त

    और जौन एलिया का एक शे’र।

    तुम किताबें पढ़ना, ख़त जला देना मगर याद रखना

    कि आख़िरी मुलाक़ात के ठीक पहले इश्क़ जावेदाँ होता है

    इश्क़ को ज़िंदा रखने के सिलसिले में

    बहुत बार आशिक़ों को मर जाना होता है।

    स्रोत :
    • रचनाकार : ज्योति यादव
    • प्रकाशन : हिन्दवी के लिए लेखक द्वारा चयनित

    Additional information available

    Click on the INTERESTING button to view additional information associated with this sher.

    OKAY

    About this sher

    Close

    rare Unpublished content

    This ghazal contains ashaar not published in the public domain. These are marked by a red line on the left.

    OKAY