Font by Mehr Nastaliq Web

हवाई थैला

hawai thaila

मदन कश्यप

मदन कश्यप

हवाई थैला

मदन कश्यप

और अधिकमदन कश्यप

    एक बड़ा-सा ‘एअर बैग’ है

    जिसे हम कहते हैं हवाई थैला

    यह केवल अनुवाद नहीं है हमारी भाषा में

    इसके हवाई होने का अपना अर्थ है

    इस थैले में सिमट आता है

    हमारा छोटा-सा संसार

    ज़रूरी कपड़े

    अगल-बगल के खलों में किताबें

    ब्रश और रेज़र

    नहाने का साबुन

    जूते पोंछ कर फेंक देने के लिए

    पुरानी फटी गंजियों के कुछ टुकड़े

    इन्हीं गड्डमड्ड चीज़ों के बीच छुपी होती हैं

    बिटिया की हँसी

    पत्नी की हिदायतें

    और फ़्रेम से बाहर निकलकर

    बोलने-बतियाने वाली फ़्रेच पेंटिंग की एक जोड़ी आँखें

    जो बेहद कठिन समय और दुर्गम यात्राओं में भी

    मुझे एकटक निहारती होती हैं

    इस हवाई थैले को और गहरा और रहस्यमय बनाती हुई

    जहाँ हमेशा ही चीज़ों से ज़्यादा होती हैं यादें

    कितनी-कितनी यात्राएँ

    कैसी-कैसी यात्राएँ

    धरती से कहीं अधिक उम्मीदों के भूगोल में की गईं यात्राएँ

    और हर बार जिस तरह हमारा एक हिस्सा

    छूट जाता है सफ़र पर जाने से

    उसी तरह उन तमाम चीज़ों का कुछ-कुछ थैले में आ चुका होता है

    जो हमारे साथ यात्रा में नहीं होती हैं

    ऐसा विश्वास कि कभी-कभी भूख-प्यास लगने पर

    देर तक इस थैले में कुछ ढूँढ़ते रहते हैं हम

    यह जानते हुए कि इसमें ऐसा कुछ भी नहीं है

    हर बार अपनी जानकारी से ज़्यादा हम इस थैले पर यक़ीन करते हैं

    और यह हवाई थैला भी कुछ न कुछ तो ऐसा रखता ही है

    कि उम्मीद न टूटे

    कई बार स्मृतियाँ ही कुछ खिला-पिला देती हैं

    यह होता है

    तो बेहद अकेलेपन में भी

    अकेला नहीं होने देता

    यह जितना पुराना है

    उससे कहीं ज़्यादा पुराना है हमारा रिश्ता

    जो तभी जुड़ गया था

    जब हमारे कंधे में पैदा हुई थी

    थैला लटकाने की आकांक्षा

    हम कपड़े के पुराने झोले में देखा करते थे इसका अक्श

    आते-जाते बौखते-बउआते

    एक दिन ऐसा आया जब मन को कड़ा किया

    और अपने क़स्बाई घर का सारा दुख

    इस थैले में डालकर चला आया दिल्ली

    यहाँ रहते हुए कुछ दिनों बाद पता चला

    जितना दुख मैं थैले में ले आया हूँ

    उतना ही रह गया है वहाँ

    इस तरह देखते-देखते दूना हो गया दुख!

    स्रोत :
    • रचनाकार : मदन कश्यप
    • प्रकाशन : हिन्दवी के लिए लेखक द्वारा चयनित

    Additional information available

    Click on the INTERESTING button to view additional information associated with this sher.

    OKAY

    About this sher

    Close

    rare Unpublished content

    This ghazal contains ashaar not published in the public domain. These are marked by a red line on the left.

    OKAY