Font by Mehr Nastaliq Web

हमारे बस्ते में सिर्फ़ किताबें नहीं होतीं

hamare baste mein sirf kitaben nahin hotin

सारिका श्रीवास्तव

सारिका श्रीवास्तव

हमारे बस्ते में सिर्फ़ किताबें नहीं होतीं

सारिका श्रीवास्तव

और अधिकसारिका श्रीवास्तव

    उसमें होती हैं भुगतान किए जाने की प्रतीक्षा करते बिल,

    माँ-बाप की दवाओं के पर्चे,

    फ़ीस जमा करने की याद दिलाने वाले नोटिस,

    और एक सूची अधूरे कामों की।

    ख़्वाबों की सूची जिस पर बनानी थी,

    डायरी का वो पन्ना कोरा ही पड़ा है अभी तक।

    हर किताब और हर कॉपी में झाँकती है माँ की बेबसी,

    हर हर्फ़ से रिस पड़ती है उधारी की लाचारी,

    स्कूल के हर एक ख़र्च में कम होती जाती है,

    माँ के हिस्से की रोटी।

    बाप के झुकते कंधे भी जाते हैं हमारे सिलेबस में।

    बाप का चेहरा सलवटों से बना है,

    हमारे पास कोई रबर नहीं इन बेढंगी लकीरों को मिटाने के लिए,

    दो कोटरों से झाँकती हैं उसकी निगाहें ख़ामोश,

    पहली नज़र में तसल्ली देने का जतन करती हुईं,

    और तुरंत ही ख़ुद उस पर शर्मिंदा होती हुईं।

    पढ़ने और आगे बढ़ने के लिए हम टकराते हैं

    सिद्धांतों से नहीं, समीकरणों से नहीं,

    शिक्षकों से नहीं

    हम टकराते हैं विवशता और अपमान की दीवारों से,

    और लहूलुहान कर लेते हैं अपना माथा।

    नौकरियाँ माँगने जाते हैं ऐसे

    जैसे किसी को अपना श्रम बेचने नहीं,

    बल्कि ख़ैरात मांगने जा रहे हों,

    और नौकरी मिलने पर

    डूब जाते हैं अपनी ही नज़रों में,

    और अपनी फटी जेबों

    और अपने ग्लानि भरे नामों में,

    दुत्कार सहने को आदत बनाते हुए।

    लेकिन यह चलता नहीं रहेगा

    अब हम ख़ुद बनाएँगे नए रास्ते

    हम सवालों को और नुकीला बनाएँगे

    और जवाबों को तंज़ के ज़हर में डुबोऍंगे

    हम धरती की स्लेट पर पेम या पेंसिल से जो लिखेंगे,

    तमाम बारिशें भी उस इबारत को मिटा नहीं पाएँगी।

    स्रोत :
    • रचनाकार : सारिका श्रीवास्तव
    • प्रकाशन : हिन्दवी के लिए लेखक द्वारा चयनित

    Additional information available

    Click on the INTERESTING button to view additional information associated with this sher.

    OKAY

    About this sher

    Close

    rare Unpublished content

    This ghazal contains ashaar not published in the public domain. These are marked by a red line on the left.

    OKAY