Font by Mehr Nastaliq Web

अपना ही देश

apna hi desh

मदन कश्यप

मदन कश्यप

अपना ही देश

मदन कश्यप

और अधिकमदन कश्यप

    हमारे पास नहीं है कोई पटकथा

    हम खाली हाथ ही नहीं

    लगभग खाली दिमाग़ आए हैं मंच पर

    विचार इस तरह तिरोहित है

    कि उसके होने का एहसास तक नहीं है

    बस सपने हैं जो हैं

    लेकिन उनकी भी कोई भाषा नहीं है

    कुछ रंग है पर इतने गड्डमड्ड

    कि पहचानना असंभव

    वैसे हमारी आत्मा के तहख़ाने में हैं कुछ शब्द

    पर खो चुकी हैं उनकी ध्वनियाँ

    निराशा का एक शांत समुंदर हमारी आँखों में है

    और जो कभी आशा की लहरें उठती हैं उसमें

    तो आप हिंसा-हिंसा कहकर चिल्लाने लगते हैं

    माफ़ कीजिएगा

    हम किसी और से नहीं

    केवल अपनी हताशा से लड़ रहे हैं

    आप इसी को देशद्रोह बता रहे हैं

    हम हिंस्र पशु नहीं हैं

    पर बिजूके भी नहीं हैं

    हम चुपचाप संग्रहालय में नहीं जाना चाहते

    हालाँकि हमारे लेखे आपकी यह दुनिया

    किसी अजायबघर से कम नहीं है

    हम कमजोर भाषा लेकिन मजबूत सपनों वाले आदमी हैं

    खुद को कस्तूरीमृग मानने से इनकार करते हैं

    आप जो भाषा को खाते रहे

    हमारे सपनों को खाना चाहते हैं

    आप जो विचार को मारते रहे

    हमारी संस्कृति को मारना चाहते हैं

    आप जो काल को चबाते रहे

    हमारे भविष्य को गटकना चाहते हैं

    आप जो सभ्यता को रौंदते रहे

    हमारी अस्मिता को मिटाना चाहते हैं

    आप बेहद हड़बड़ी में हैं

    पर हमारे संघर्षों का इतिहास हज़ारों साल पुराना है

    आप बहुत बोल चुके हैं हमारे बारे में

    इतना ज़्यादा कि अब आपको

    हमारा बोलना तक गवारा नहीं है

    फिर भी हम बताना चाहते हैं

    कि आप जो कर रहे हैं

    वह कोई युद्ध नहीं केवल हत्या है

    हम हत्यारों को योद्धा नहीं कह सकते

    ये बॉक्साइट के पहाड़ नहीं हमारे पुरखे हैं

    आप इन्हें सेंधा नमक-सा चाटना बंद कीजिए

    यह लाल लोहामाटी हमारी माता है

    आप बेसन के लड्डू-सा इन्हें भकोसना बंद कीजिए

    ये नदियाँ हमारी बहनें हैं

    इन्हें इंगलिश बियर की तरह गटकना बंद कीजिए

    उधर देखिए

    बलुआई ढलानों पर काँटों के जंजाल के बीच

    बौंखती वह अनाथ लड़की

    जनुम* हटा-हटा कर कब्र देखना चाह रही है

    कहीं उसकी माँ तो दफ़न नहीं है वहाँ

    वह बार-बार कोशिश कर रही है हड़सारी* हटाने की

    जिसके नीचे पिता की लाश ही नहीं

    उसकी अपनी ज़िंदगी भी दबी हुई है

    आपके सिपाहियों के डर से

    शेरनी की माँद तक में छिप जाती हैं लड़कियाँ

    हमें शाँत छोड़ दीजिए अपने जंगल में

    हम हरियाली चाहते हैं आग की लपटें नहीं

    हम मादल की आवाज़ सुनना चाहते हैं

    गोलियों की तड़तड़ाहट नहीं

    न पर्वतों पर खाउड़ी* है

    न ही नदी किनारे बड़ोवा*

    अगली बरसात में

    फूस का छन्ना बन जाएँगे हमारे घर

    अब तो हमें अपना अन्न उगाने दीजिए

    अपना छप्पड़ छाने दीजिए

    भला आप क्यों बनाना चाहते हैं यहाँ मिलिटरी छावनी

    यहाँ तो चारों तरफ़ अपना ही देश है

    देखिए आसमान से बरसने लगी हैं

    कोदो के भात जैसी बूंदें

    अब तो बंद कीजिए गोलियाँ बरसाना!

    ****

    * जनुम-काँटों का जाल

    * हड़सारी-कृब्र पर रखा पत्थर

    ** खाउड़ी, बड़ोवा-लंबी जंगली घासें जो छप्पड़ छाने के काम आती हैं

    स्रोत :
    • रचनाकार : मदन कश्यप
    • प्रकाशन : हिन्दवी के लिए लेखक द्वारा चयनित

    Additional information available

    Click on the INTERESTING button to view additional information associated with this sher.

    OKAY

    About this sher

    Close

    rare Unpublished content

    This ghazal contains ashaar not published in the public domain. These are marked by a red line on the left.

    OKAY