मकान

makan

कामतानाथ

और अधिककामतानाथ

    चाभी ताले में फँसा कर उसने उसे घुमाया तो उसने घूमने से क़तई इनकार कर दिया। उसने दुबारा ज़ोर लगाया परंतु कोई परिणाम नहीं निकला। अपनी जेबें टटोलना शुरू कर दीं। ऊपर वाली जेब में उसे स्टील का बाल प्वाइंट पेन मिल गया। उसने उसे जेब से निकाल कर चाभी के माथे में बने सूराख़ में डाल कर, मुट्ठी की मज़बूत पकड़ में लेकर पेंचकस की तरह ज़ोर से घुमाया। खटाक की एक आवाज़ के साथ ताला खुल गया। कुंडी खोलने में भी उसे काफ़ी परेशानी हुई। जिन दिनों वह यहाँ रहता था शायद ही कभी यह कुंडी बंद हुई हो। इसीलिए उसे हमेशा ही बंद करने और खोलने, दोनों में ही, परेशानी होती थी। कुंडी खोल कर उसने दरवाज़े में ज़ोर का धक्का दिया। दरवाज़े के पल्ले काफ़ी मोटे और भारी थे। उनमें पीतल के छोटे-छोटे फूल जड़े थे, जिनमें छोटे-छोटे कड़े लगे थे, जो दरवाज़ा खुलने बंद होने में एक अजीब जलतरंगनुमा आवाज़ करते थे। दरवाज़ा खोल कर वह दहलीज़ में गया। घुसते ही उसने देखा, फ़र्श पर कुछ काग़ज़ आदि पड़े थे। उसने झुककर उन्हें उठा लिया। दो लिफ़ाफ़े, एक पोस्ट कार्ड और एक तह किया हुआ काग़ज़ था। शायद पोस्टमैन डाल गया हो, उसने सोचा, उसने उनके भेजने वालों के नाम पढ़ने चाहे परंतु वहाँ प्रकाश बिल्कुल नहीं था और कुछ भी पढ़ सकना असंभव था।

    उसने आगे बढ़ कर जीने के पास का स्विच टटोला। अँधेरे में स्विच ढूँढने में उसे कुछ कठिनाई हुई। वैसे जब वह यहाँ रहता था तब कितना ही अँधेरा क्यों हो कभी ऐसा नहीं हुआ कि पहली बार में ही उँगली अपने आप स्विच पर पहुँच गई हो, उसे आश्चर्य हुआ कि स्विच ऑन करने पर भी प्रकाश नहीं हुआ। हो सकता है ज़ीने का बल्व फ़्यूज़ हो गया हो, उसने सोचा। तभी उसने ग़ौर किया कि नीचे का पाइप ज़ोरों से बह रहा है। लगभग एक वर्ष से मकान बंद था। इसके मायने इतने दिनों से यह पाइप लगातार बह रहा है। उसने अंदर वाले दरवाज़े की कुंडी टटोली। उसमें ताला नहीं था। अटैची उसने वहीं दहलीज़ में रखी रहने दी। और कुंडी खोल कर अंदर गया। अंदर का स्वीच दबाने से भी रौशनी नहीं हुई। केवल आँगन में हल्की चांदनी की बर्फ़ियाँ कटी हुई थीं जो ऊपर लोहे के जंगले से छन कर रही थीं।

    वह वापस दहलीज़ में गया जहाँ मेन स्विच लगा था। हो सकता है वहीं ऑफ हो, उसने सोचा और जेब से माचिस निकाल कर उसके प्रकाश में उसे देखा। परंतु मेन स्विच ऑन था। ज़ीने का बल्ब भी ठीक ही लगा, तभी उसे ध्यान आया कि किसी के भी रहने पर बिजली का बिल इतने दिनों से अदा नहीं हुआ होगा अतः हो सकता है बिजली कंपनी वालों ने कनेक्शन ही काट दिया हो। तब क्या होगा? वह रात कैसे काटेगा? देखा जाएगा, उसने सोचा और दुबारा माचिस जला कर अंदर गया ताकि कम-से-कम पाइप तो बंद कर दे। परंतु पाइप में टोटी ही नहीं थी। उसमें दाना निकले हुए मकई के गुट्टे का टुकड़ा खोंस कर उसे कपड़े से बाँधा गया था। कपड़ा सड़ कर फट गया था जिससे पानी बहने लगा था। उसने उसे वैसे ही पड़ा रहने दिया और अटैची हाथ में लेकर सीढ़ियाँ चढ़ कर ऊपर के खंड में गया।

    ऊपर छत पर काफ़ी चाँदनी थी। छल्ले से चाभी खोज कर उसने कमरे का ताला खोला और अंदर कमरे में गया। यहाँ का स्विच भी उसने ऑन कर के देखा परंतु कोई नतीजा नहीं निकला। अटैची एक किनारे रख कर माचिस जला कर वह इधर-उधर देखने लगा। तभी उसे अल्मारी में एक मोमबत्ती दिखायी दे गई जिसे पहले किसी ने जलाया था। उसने उसे जला कर वहीं दीवाल में बने हुए ताक में चिपका दिया।

    दीवाल से लगे पलंग पर बैठकर उसने सिगरेट जला ली और नीचे से उठाकर लाए हुए पत्र देखने लगा। पहले उसने तह किए हुए काग़ज़ को देखा। वह बिजली के बिल की फ़ाइनल नोटिस थी। कोई दस महीने पुरानी। तब उसने पोस्टकार्ड देखा। उनका एक कोना फटा हुआ था। उसने जल्दी-जल्दी उसे पढ़ा। पत्र उसके ननिहाल से आया था। जिसमें उसे उसके मामा के मरने की सूचना दी गई थी। मामा के वजूद को भी भूल चुका था। ननिहाल गए हुए भी उसे आठ-दस वर्ष हो चुके थे। कार्ड वहीं खाट पर डाल कर वह लिफ़ाफ़े खोलने लगा। एक किसी शादी का निमंत्रण था। उसने उसे ही पहले खोला। किसी ‘राजकुमार' की शादी पर उसे बुलाया गया था। उसने अपनी स्मरण शक्ति पर बहुत ज़ोर दिया परंतु उसे लगा कि तो वह किसी राजकुमार से परिचित है और ही कार्ड पर छपे किसी अन्य नाम से पता सीतापुर का था। उसे ध्यान आया कि सीतापुर में उसके पिता की बुआ के कोई संबंधी रहते हैं। कौन, यह वह नहीं जानता था। परंतु वे लोग ज़रूर उससे परिचित होंगे क्योंकि निमंत्रण उसी के नाम से आया था। आज से कोई आठ वर्ष पहले पिता की पहली बरसी पर माँ के रहने पर उसने अपने सभी रिश्तेदारों को बुलाया था। उनके पते उसने ताऊ के लड़के से जो उससे उम्र के काफ़ी बड़ा था, लिए थे, उसके बाद से आज तक वह उन लोगों से नहीं मिला था। माँ के मरने की उसने किसी को भी सूचना नहीं दी थी। इस प्रकार पते तो अलग, उन लोगों के चेहरे भी वह अब तक भूल चुका था। उसने कार्ड पर छपी तारीख़ देखी। वह कोई तीन महीने पुरानी थी।

    उसने दूसरा लिफ़ाफ़ा खोला। वह उसके अपने मित्र विपिन का था जो पिछले दिनों इंग्लैंड चला गया था और वहीं किसी अँग्रेज़ लड़की से शादी पर ली थी। उसने लिखा था कि कुछ दिनों के लिए बहन की शादी पर वह स्वदेश लौट रहा है, वह उससे ज़रूर मिल ले। यह पत्र भी तीन-चार महीने पुराना था। विपिन उसका बचपन का मित्र और सहपाठी था। उसे अफ़सोस हुआ कि वह उससे मिलने से वंचित रह गया। ग़लती उसकी अपनी थी। अपने ट्रांस्फ़र के बारे में उसने विपिन को कोई सूचना नहीं दी थी। हो सकता है विपिन यहाँ आया भी हो और घर में ताला लगा देख कर लौट गया हो।

    गली की ओर का दरवाज़ा खोलकर वह बालकनी पर गया। एक कोने में घर की बेकार चीज़ों, जैसे ख़ाली बोतलों टूटी अंगीठियों और कनस्तरों आदि का ढेर लगा था। उसने बग़ल में एक पुरानी बाल्टी में लगा तुलसी का एक सूखा पेड़ रखा था। जो शायद इतने दिनों तक पानी मिलने से सूख गया था। यह पेड़ उसकी माँ ने लगाया था। जब तक वह ज़िंदा थीं वह रोज़ इसमें पानी देती थीं। माँ की मृत्यु के बाद उसकी पत्नी और उसके ट्रांस्फ़र के बाद छोटे भाई की पत्नी यह काम करती थीं। अब छोटे भाई का ट्रांस्फ़र हुए भी एक वर्ष होने रहा था। और इस प्रकार ख़ाली घर में पड़ा हुआ यह पेड़ पानी के अभाव में सूख गया था।

    वह बालकनी की दीवार पर थोड़ा झुक कर सिगरेट पीने लगा। गली में बिजली का सरकारी बल्ब जल रहा था। परंतु काफ़ी सन्नाटा था। उसने कलाई पर बंधी हुई घड़ी देखी। पौने नौ हुए थे। अभी से इतना सन्नाटा! उसे आश्चर्य हुआ। जब वह यहाँ था तो रात देर तक गली में रौनक रहती थी। मुरली बाबू के दरवाज़े की शतरंज तो बारह बजे और कभी-कभी उसके बाद तक चलती थी। पता नहीं मुरली बाबू अभी जीवित है या नहीं। उनके घर के सामने बिलकुल सन्नाटा था। तभी उसने देखा, कोई आदमी साइकिल लिए हुए गली में रहा था। वह ग़ौर से देखने लगा। गली के एक-एक व्यक्ति को वह पहचानता था। जन्म से लेकर तीस-बत्तीस वर्ष तक वह इसी मकान में रहा था। परंतु वह कोई अजनबी व्यक्ति निकला, जिसे वह पहली बार देख रहा था। वह उसके मकान से आगे जा कर बच्चू बाबू के मकान के सामने रुक गया। साइकिल गली में खड़ी कर के उसने दरवाज़े की कुंडी खटखटाई। गोद में बच्चा लिए हुए किसी महिला ने दरवाज़ा खोला और वह व्यक्ति साइकिल उठा कर अंदर चला गया। शायद कोई किराएदार हो, उसने सोचा।

    वह दुबारा अंदर गया। खाना वह स्टेशन में आते समय होटल में खा आया था। रात उसे मकान में काटनी थी। बारिश के दिन गए थे। भाई ने मकान छोड़ते समय उसे बेच देने का सुझाव रखा था क्योंकि वह तो मुस्तक़िल तौर से दूसरे शहर का हो गया था, भाई के भी वापस इस शहर में ट्रांस्फ़र होने की कोई उम्मीद नहीं थी। और फिर मकान की हालत दिन-ब-दिन ख़राब होती जा रही थी। ऊपर के कमरों की छतें चूने लगी थी। परंतु उसने भाई का सुझाव नामंजूर कर दिया था। उसे उसने लिख दिया था कि मकान ख़ाली कर के चाभी वह उसे भिजवा दे। अगली बरसात से पहले आकर वह उसकी मरम्मत करा देगा। इसी उद्देश्य से वह वहाँ आया था।

    उसने देखा, कमरे की दो ओर की दीवारों पर पानी बहने के निशान बने थे जो शायद अभी तक नम थे। इसके मायने दो-एक बारिशें यहाँ हो चुकी हैं। दीवार में एक जगह क्रैक भी गया था।

    उसने छत पर निकल कर मौसम का जायज़ा लिया। आसमान साफ़ था और हवा में कोई ख़ास ठंडक नहीं थी। उसने चारपाई बाहर छत पर निकाल ली और और अटैची से दरी, चादर और तकिया निकाल कर बिस्तर लगा लिया। परंतु उसे नींद नहीं रही थी। ही लेटने की इच्छा हो रही थी। वैसे उसके पास अटैची में दो-एक पुस्तकें थीं, जिसमें से एक को उसने लगभग आधा सफ़र में पढ़ा भी था और वह उसे आगे पढ़ना चाहता था। परंतु बिजली होने के कारण दिक़्क़त थी। मोमबत्ती का प्रकाश काफ़ी नहीं था। अतः उसने बिस्तर लगा कर कपड़े बदल लिए और पाजामा बनियान पहन कर बिस्तर पर लेट गया। थोड़ी देर लेटने पर उसे लगा कि उसे सफ़र की कुछ थकान है। लेटे-लेटे ही उसने हाथ-पैरों को इधर-उधर झटका और तब सिगरेट सुलगा कर पीने लगा।

    पिता ने जब यह मकान ख़रीदा था तब वह पैदा भी नहीं हुआ था। उस समय वह कच्चा था। बाद में पिता ने उसे तुड़वा कर नए सिरे से पक्का बनवाया था। उस समय वह कोई पाँच-छह वर्ष का रहा होगा। कच्चे मकान की उसे बिलकुल भी याद नहीं है। परंतु जब कच्चा मकान टूट कर नया बन रहा था, उस समय की कुछ-कुछ याद उसको है। सामने गली में ईंटों के ढेर लगे रहते थे। वह उन पर चढ़कर खेला करता। एक बार गिर भी गया था और उसके सिर में काफ़ी चोट गई थी, जिसका निशान आज तक उसके सिर में है। खच्चरों पर लदकर बालू, सीमेंट, मौरंग आदि आया करती और वह वहीं खड़ा-खड़ा खच्चरों को गिना करता और तब जा कर माँ को बताया करता कि कितने खच्चर आज आए हालाँकि खच्चरों को वह घोड़े कहा करता था। उस समय घोड़े और खच्चर मे फ़र्क़ करने की तमीज़ उसके पास नहीं थी।

    एक बार, उसे याद है, दीवार या छत का कोई हिस्सा अपने आप टूट गया था या तोड़ दिया गया था और उसने दौड़ कर माँ से कहा था कि नया मकान गिर पड़ा है। माँ ने उसकी बात सच मान ली थी और हड़बड़ाहट में गली से बाहर निकल आई थीं, उन दिनों पिता ने उसी गली में एक अन्य मकान किराए पर ले लिया था और सब लोग वहीं शिफ़्ट कर गए थे। आफ़िस से शायद उन्होंने छुट्टी ले रखी थी और नंगे बदन धोती पहने सारा दिन गली में खड़े मज़दूरों और कारीगरों को आदेश देते रहते या फिर बड़े-बड़े रजिस्टरों में गुम्मे सीमेंट या मज़दूरों की मज़दूरी का हिसाब लिखते रहते।

    पूरी गली में उसका मकान अपने ढंग का एक बना था। अंदर दालान में खंभों के ऊपर दीवार में फूल-पत्तियों की जालियाँ बनाई गई थीं। दरवाज़ों के ऊपर मेहराबों तथा रौशनदानों में भी जालियाँ काटी गई थीं। हालाँकि जब वह बड़ा हुआ तो उसने अपने कमरे के रौशनदानों की इन जालियों को दफ़्ती से ढक दिया था क्योंकि उससे धूल अंदर भर जाती थी। बारिश में पानी की बौछार से उन पर रख सामान पुस्तकें आदि भीग जाती थीं। इसके अलावा उन्हें साफ़ करने में भी बड़ी कठिनाई होती थी। बाहर से सदर दरवाज़े में तो जाने कितनी कारीगरी की गई थीं पुराने ज़माने में मंदिरों जैसी मेहराब बनी थीं। उसके अंदर दोनों और अर्ध-गोलाकार शक्ल में बड़ी बड़ी मछलियाँ बनी थीं, जिनके बीच एक बड़े-से ताक़ में गणेशजी की मूर्ति बनी थी। बाद में उसी गणेशजी की मूर्ति के ऊपर गौरौयाँ अपने घोंसले बनाने लगी थीं। पिता जब तक जीवित रहे, उन्होंने यह घोंसले कभी नहीं बनने दिए। जब भी उनकी निगाह जाती, वे घोंसला उखाड़ कर फेंक देते। परंतु उनकी मृत्यु के बाद तो चिड़िया उनमे अंडे-बच्चे भी देने लगीं। दरवाज़े के दोनों ओर खंभे बनाए गए थे, जिनमें फूल-पत्तियाँ, देव और किन्नरियों की मूर्तियाँ आदि काटी गई थी। दरवाज़े की चौखट में भी, जो ख़ासी चौड़ी थी, काफ़ी कारीगरी की गईं थीं। दरवाज़े पर गणेशजी की मूति के नीचे पिता ने उसका नाम लिखवा दिया था 'शंकर निवास' ऐसा शायद उन्होंने इसलिए किया कि उस समय उसके और छोटे भाई नहीं थे। अंदर दहलीज़ में सीमेंट के फ़र्श पर सोरही बनी थी। इस बात को लेकर पिताजी के मित्र अक्सर आपस में मज़ाक किया करते थे कि जगत बाबू ने सोरही इसलिए बनवाई कि मियां-बीवी बैठ कर आपस में खेला करेंगे। उसके बाद माँ-बाप ने कभी खेला या नहीं, वह नहीं जानता, परंतु वह ज़रूर छुटपन में अपने दोस्तों के साथ वहाँ बैठ की सोरही खेला करता था।

    यह सब तो बना था, परंतु उस समय मकान कई मामलों में अधूरा रह गया था। ऊपर के किसी भी हिस्से में प्लास्टर नहीं हुआ था। एक छोटे कमरे की छत भी नहीं पड़ी थी। आँगन में जंगला नहीं लगा था। बाहर सदर दरवाज़े में पल्ले नहीं लगे थे। ऊपर तिमंज़िले पर जाने के लिए सीढ़ी नहीं बनी थी। सामने बालकनी की दीवार नहीं बनी थी। छत से आने वाली किसी भी नाली में पाइप नहीं लगा था। यह सब शायद इसलिए रह गया था, क्योंकि पिता के पास पैसों की कमी पड़ गई थी। काफ़ी दिनों तक यह इसी तरह पड़ा रहा। फिर कुछ पिता जी के रिटायर होने पर पूरा हुआ और कुछ उसकी नौकरी लग जाने के बाद। वैसे कुछ चीज़ें आज भी अधूरी ही पड़ी हैं।

    एकाएक वह डर गया। विचित्र-से कोई दो पक्षी कहीं से कर उसकी खाट के ऊपर मंडराने लगे थे। और तब वे सामने वाली दुछत्ती की छत के पटरों के बीच किसी सूराख़ के घुस गए। उसे समझने में कुछ देर लगी कि वे चमगादड़ थे। उसका दिल अचानक तेज़ी से धड़कने लगा। वह उठकर बैठा गया और उसने नई सिगरेट जला ली।

    पहली बार ये चमगादड़ जब पिताजी जीवित थे, तब आए थे और इन्हीं धन्नियों में कहीं घुसे थे। पिता ने दूसरे दिन ही धन्नियों के नीचे नीम की ढेर सारी पत्तियाँ जला कर धुँआ किया था और तब सीमेंट मौरंग से उनमें बने हुए सारे सूराख़ बंद कर दिए थे। माँ ने शायद उसके अगले इतवार को सत्यनारायण की कथा भी करवाई थी। उसके बाद चमगादड़ दुबारा नहीं दिखाई दिए थे। अब शायद वे स्थार्इ रूप से यहाँ रहने लगे थे। तभी वे फिर निकल आए। इस बार चार थे। काफ़ी देर वे आँगन में ही इधर-उधर उड़ते रहे। फिर छत के ऊपर आकाश में कही चले गए।

    उसने ग़ौर किया, नीचे का पाइप अभी बह रहा था। बाहर के दरवाज़े भी, उसे ध्यान आया, उसने बंद नहीं किए थे। अंदर कमरे में जा कर उसने दुबारा मोमबत्ती जलाई और जलती मोमबत्ती लेकर वह नीचे उतर आया। बाहर के दरवाज़े खुले हुए थे। उसने उन्हें भेड़ कर अंदर से कुंडी लगा दी। तब अंदर का दरवाज़ा खोल कर मोमबत्ती पाइप के पास बनी छोटी-सी दीवार पर रख कर इधर-उधर कोई कपड़ा खोजने लगा। एक कोने में उसे फटा हुआ कोई कपड़ा मिल गाया। शायद कोई पुरानी बनियान थी। उसी से उसने एक लंबी पट्टी-सी निकाली और मुद्दे की खुखरी को पाइप में खोंस कर उसे कपड़े से कसने लगा। पानी गिरना बिलकुल बंद तो नहीं हुआ, परंतु काफ़ी कम हो गया।

    वह वापस ऊपर आने लगा, तभी ध्यान आया कि बाहर का दरवाज़ा इतनी देर खुला पड़ा रहा है, हो सकता है, कोई अंदर घुस कर बैठ गया हो। वह एक बार फिर डर गया। परंतु उसने यह सोच कर अपने मन को तसल्ली दी कि इस वीरान घर में कोई क्यों घुसेगा। फिर भी उसने तय किया कि वह एक बार सारे घर को देख आएगा। मोमबत्ती अभी काफ़ी शेष थी। कम-से-कम आधेक घंटे वह जल सकती थी, उसने अनुमान लगाया। आधी सीढ़ियों से ही वह वापस नीचे उतर आया। पहले उसने बाहर का कमरा खोला। इसे पहले, जब सब लोग यहाँ रहते थे, तो 'दरवाज़े वाला कमरा' कहा जाता था। जब तक वह इंटर में नहीं पहुँचा था, तब तक यह कमरा उसके पिता के कब्ज़े में था। उन्होंने इसमें एक तख़्त, एक छोटी मेज़ और दो-चार कुर्सियाँ डाल रखी थीं। दीवालों पर देवी-देवताओं के चित्र लगा रखे थे। अलमारियों में उनके मतलब की अनेक वस्तुएँ, जैसे रिंच, हथौड़ी, प्लास, शतरंज की बिसात और मोहरे आदि रखे रहते। आतिशदान के ऊपर कपड़े के दो बस्तों में उनकी पुस्तकें आदि बंधी रखी रहतीं। एक कपड़े में भागवत, महाभारत, रामायण आदि रहतीं, दूसरे में अल्फ़लैला, गुलसनोबर आदि।

    इसी कमरे में पिता अपने मिलने वालों के साथ बैठ कर बातें किया करते थे। दीवाली पर मेज़-कुर्सी आदि सब अंदर हटा दी जातीं। फ़र्श पर दरी और चादर बिछा दी जाती और लक्ष्मी पूजन के बाद से तीन दिन तक लगातार फ़्लश खेली जाती। अधिकतर तो गली के लोग ही रहते। वैसे कभी-कभी बाहर के लोग, पिता के आफ़िस के सहयोग आदि भी जाते, वह भी अकसर रात में पिता के लाख मना करने के बावजूद कर वहीं बैठ जाता। कभी-कभी रात भर बैठा रहता, क्योंकि पिता और उनके अन्य मित्र बाजी जीतने से उसे पैसे दिया करते थे। रात भर में वह दो-तीन रुपए की रेज़गारी जमा कर लेता।

    परंतु जब वह इंटर में पहुँचा, तो पिता अपना सामान अंयत्र उठा ले गए। मैं इस बात को लेकर उसमें और पिता में काफ़ी संघर्ष चला। पिता कहते—सामान वहीं रखा रहने दो, तुम्हारा क्या लेगा! परंतु वह अपने कमरे में रिंच, हथौड़ी आदि रखने के लिए क़तई तैयार नहीं था। आख़िर पिता ने हार मान ली और उसने कमरे पर अपना अधिकार जमा लिया। उसके आने के कुछ दिनों के अंदर ही कमरे की हुलिया बिलकुल बदल गई। आतिशदान पर नक़ली फूलों के गुलदस्ते लग गए। देवी-देवताओं के चित्रों के स्थान पर फ़िल्म स्टारों के चित्र और सीन-सीनरियाँ लग गई। अलमारी में रिंच और प्लास की जगह ज्योमिट्री और अलजेबरा की पुस्तकें सज गईं। बाद में वह इसी कमरे में तख़्त पर सोने भी लगा। अकसर छट्टियों वाले दिन वह अपना खाना भी वहीं मँगा लेता। कभी छोटा भाई दे जाता, कभी माँ।

    इस कमरे में रहते हुए उसे जीवन की वह पहली अनुभूति हुई थी जिसे 'किशोर प्रेम' कहा जाता है। उन दिनों वह बी.ए. प्रीवियस में पढ़ा करता था। सामने वाले मकान में एक नए किराएदार आए थे। नए क्या काफ़ी दिनों से वहाँ रह रहे थे। पुरूष आर.एम.एस. में काम करता था। वह, उसकी पत्नी, एक छोटा बच्चा और उसकी किशोर बहन, जिसका असली नाम तो वह आज भूल गया है परंतु घर में उसे बिट्टी कहा करते थे, उस मकान में रहते थे। बिट्टी की आयू पंद्रह-सोलह की रही होगी। उसकी आँखें काफ़ी बड़ी और ख़ूबसूरत थीं। बदन भरा हुआ और आकर्षक था।

    अचानक एक दिन उसने ग़ौर किया कि जब वह अपने कमरे में बैठ कर पढ़ता-लिखता तो बिट्टी अपनी खिड़की पर खड़ी हो कर उसे देखा करती। उसे कुछ विचित्र-सी अनुभूति हुई थी। बाद में उसने अपनी मेज़ घुमा कर इस प्रकार लगा ली कि बिल्कुल उसकी खिड़की के सामने पड़ती। अकसर दोनों एक दूसरे को देर तक देखते रहते। फिर पता नहीं कब और कैसे बिट्टी उसके घर भी आने लगी, उसकी माँ के पास। दो-एक बार ऐसा भी हुआ कि सीढ़ियों पर चढ़ते-उतरते दोनों एक-दूसरे से मिल गए। जान-बूझ कर तो नहीं, हाँ अनजाने में एक-आध बार दोनों के शरीर भी छू गए। उन दिनों वह शैली और कीट्स पढ़ा करता था और प्रेम की एक बहुत ही आदर्शवादी कल्पना उसके दिमाग़ में थी। पूरे एक वर्ष तक ऐसा रहा कि जब भी वह यूनिवर्सिटी से लौट कर आता, वह अपनी खिड़की पर खड़ी रहती। परंतु दोनों में कभी कोई बात नहीं हुई। माँ के सामने ज़रूर एक-आध बार इंडायरेक्ट ढंग से कुछ बात हुई। परंतु कोई ख़ास नहीं। हाँ, एक बार ज़रूर एक घटना हुई थी। जिसकी याद आज भी उसे हल्का-सा कहीं गुदगुदा जाती है। रात कोई ग्यारह बजे होंगे। वह बत्ती बुझा कर लेटा ही था कि दरवाज़े पर एक हल्की-सी दस्तक हुई। उसने उठ कर दरवाज़ा खोला तो देखा, बिट्टी खड़ी थी। दरवाज़ा खुलने के साथ ही वह अंदर गई और चुपचाप ख़ामोश खड़ी हो गई। उसकी समझ में नहीं आया क्या बात करे? तभी उसने पूछा—क्या बात है?

    बिट्टी फिर भी ख़ामोश रही। तब बोली—आपके पास एनासिन तो नहीं है। भइया भाभी पिक्चर गए हैं। मेरे सिर में बहुत दर्द हो रहा हैं।

    —एनासिन? मेरे पास तो नहीं है। कहो तो बाहर से ला दूँ। उसने कहा। बिट्टी फिर कुछ देर के लिए ख़ामोश हो गई। तब बोली—नहीं, रहने दीजिए और चुपचाप वापस लौट गई।

    उसके जाने के बाद उसे एहसास हुआ कि बिट्टी शायद एनासिन के लिए नहीं आई थी। वह कुछ और कहना चाहती थी। बातों के बीच की ख़ामोशी ने शायद उससे कुछ कहा भी था। परंतु वह समझ नहीं सका था। अपनी इस मूर्खता पर उसे बहुत अफ़सोस हुआ था। उस सारी रात वह सो नहीं सका था। इंतिज़ार करता रहा था कि शायद बिट्टी फिर आए। परंतु वह नहीं आई। यही नहीं, इसके बाद कई दिनों तक वह अपनी खिड़की पर भी नहीं दिखाई दी।

    घटना के कुछ दिनों बाद ही बिट्टी का विवाह हो गया। और वह गुड़िया की तरह सज कर अपनी ससुराल चली गई। वहाँ से लौटने के बाद एक-दो बार वह ज़रूर अपनी खिड़की पर दिखाई दी। उसके घर भी आई। परंतु तभी उसके भाई का ट्रांसफ़र कहीं और हो गया और वे लोग मकान छोड़ कर चले गए। उन लोगों के जाने के काफ़ी दिनों बाद तक उसे बिट्टी की याद आती रही। उसका मन किसी काम में लगता। घंटों वह पढ़ने की मेज़ पर बैठ काग़ज़ पर बिट्टी का नाम लिखा करता। उसकी ससुराल इसी शहर में थी। अकसर वह साइकिल ले कर उधर से चक्कर भी काटा करता परंतु बिट्टी उसे नहीं मिली। हाँ, एक-आध बार बाज़ार आदि में उसने उसे अपने पति के साथ इधर-उधर आते-जाते देखा। महीनों इस तरह बिट्टी का ख़याल उसे सताता रहा। उसे लगता, जैसे उसकी अपनी सबसे क़ीमती चीज़ किसी ने उससे छीन ली हैं परंतु धीरे-धीरे सब कुछ फिर सामान्य हो गया।

    मोमबत्ती लेकर उसने कमरे में प्रवेश किया। वहाँ काफ़ी गर्द और कूड़ा था। तख़्त अब भी अपनी जगह पड़ा था। मेज़-कुर्सियाँ शायद भाई अपने साथ ले गया था। अलमारियाँ भी ख़ाली पड़ी थीं। केवल आतिशदान के ऊपर गणेश-लक्ष्मी की मिट्टी की पुरानी मूर्तियाँ रखी थीं, जिनका रंग उड़ चुका था। दीवालों पर कुछ चित्र भी लगे थे। एक चित्र आठ देशों के राष्ट्र निर्माताओं, लेनिन, हो ची मिन्ह, गाँधी, सुकों, माओ आदि का था जिसे उसने कभी किसी पत्रिका से काट कर स्वयं मढ़ा था। चित्रों का उसे विशेष शौक़ था। अपने आप वह उन्हें छठे-आठवें महीने निकाला-बदला करता था। परंतु यह चित्र काफ़ी पुराना था। इसे उसने बाद में कभी क्यों नहीं बदला, इसका कोई कारण उसके पास नहीं था।

    दीवालों में जगह-जगह लोना लगने लगा था। अलमारियों की चौखट में कई जगह दीमक लग गई थी। दाईं तरफ़ वाली दीवाल में काफ़ी सीलन थी। यह सीलन बहुत पुरानी थी। इसका कारण था म्युनिस्पैल्टी का पाइप, जो बाहर गली में उसकी दीवाल से मिल कर लगा हुआ था। जिन दिनों वह इस कमरे में रहा करता था, यह पाइप एलार्म का काम देता था। रेलवे वाले राधे चाचा अपना लोहे का पुराना कड़ेदार डोल लेकर ठीक साढ़े चार बजे पाइप पर पहुँच जोते ओर 'गंगा बड़ी कि गोदावरी कि तीरथ राज प्रयाग, सबसे बड़ी अयोध्या जहाँ राम लीन औतार' का अलाप इतनी ज़ोर से खींचते कि कानों में रूई खोंस कर सोने वाला व्यक्ति भी सोया नहीं रह सकता था। इस अलाप के साथ ही अपने सिर पर पानी की पहली धार अपने ढाई किलो वाले पीतल के लोटे से डालते और 'हर हर गंगे महादेव' की सम पर उतर आते।

    इस पाइप की ही वजह से उसके बाहर वाले चबूतरे का काफ़ी प्लास्टर उखड़ गया था। क्योंकि अकसर लोग उस पर कपड़े छाँटने का काम करते थे। कुछ लोग तो बाक़ायदा साबुन लगा कर फचाफच धोबी घाट खोल देते। पिता जब तक जीवित रहे, अगर कभी किसी को ऐसा करते देख लेते, तो काफ़ी सख़्त सुस्त सुना कर उससे तुरंत चबूतरा घुलवा कर दुबारा कभी ऐसा करने की कड़ी ताकीद कर देते परंतु उनकी मृत्यु के बाद तो वहाँ बाक़ायदा धोबी घाट बन गया था और अकसर लोग कपड़े छाँटने के बाद बिना उसे धोए ही साबुन का झाग वहाँ छोड़ कर चले जाते।

    उसने आगे बढ़ कर दीवाल को दाहिने हाथ की तर्जनी से छुआ तो लाल चूने का ढेर-सा मुसमुसा प्लास्टर अपनी जगह गिर पड़ा। जाने किसके कहने पर पिता ने इस कमरे में लाल चूने का प्लास्टर कराया था। केवल दीवालों तक। छत और फ़र्श सीमेंट के थे। बल्कि छत में ख़ासी फूल पत्तियाँ बनाई गई थीं, जिनके बीच बड़े-बड़े लोहे के कड़े लटकाए गए थे। इन कड़ों को हाथ से खींचने वाला पंखा लगाने के लिए लगाया गया था। पिता की काफ़ी साध थी कि वह पंखा लग जाए। परंतु उनके जीवन में उनकी यह साध पूरी हो सकी। मकान बनवाने में ही काफ़ी क़र्ज़ उनके ऊपर हो गया था जिससे वह जीवन भर उबर नहीं पाए थे।

    कमरे से बाहर निकल कर उसने उसके दरवाज़े की कुंडी लगा दी और दहलीज़ से होता हुआ अंदर दालान में गया। अंदर दो दालानें थीं एक दूसरे से नब्बे अंश का कोण बनाती हुई। पहली दालान छोटी थी। इसमें एक ओखली बनी हुई थी, जिसमें माँ कभी-कभी दाल वग़ैरह कूटा करती थीं। वैसे इस दालान का कोई ख़ास उपयोग नहीं था सिवाय जूते-चप्पल उतारने के, या ईंधन रखने को या फिर जब वह इंटर में पहुँचा था और पहली बार घर में एक पुरानी नीलामी की साइकिल आई थी, उसके रखने हाँ, इसमें मिली हुई दूसरी दालान का, जो अपेक्षाकृत काफ़ी बड़ी थी, बड़ा विविध उपयोग होता था। शादी-ब्याह के मौक़ों पर इसमें औरतों का गाना बजाना, रतजगे और स्वांग होते थे। इसी में लोगों को खाना खिलाया जाता था। गर्मी के दिनों में घर के लोग यहीं दोपहरी काटा करते थे क्योंकि धूप यहाँ जाड़ा, गर्मी, बरसात कभी नहीं आती थीं। इसी दालान में उसके छोटे भाई का जन्म और पिता की मृत्यु हुई थी। यहीं फ़र्श पर उसके पिता की लाश बीस घंटे तक रखी रही थी और उसने सारी रात उसके बग़ल में बैठ कर जागते हुए बिताई थी।

    इस दालान से मिली हुई एक छोटी कोठरी थी, जिसके अंदर दिन में भी अँधेरा रहता था। उस के अंदर एक बड़ी अलमारी थी तथा दीवाल में एक ओर लकड़ी के दो बड़े-बड़े टाँड बने थे। इन टाँडों पर उन दिनों जाने कितने बर्तन, पीतल की बड़ी बड़ी परातें, बटुए, बाल्टे, कढाइयाँ, थाली, लोटे आदि भरे रहते थे। लोग उन्हें शादी ब्याह में माँगने आया करते थे। उसे आश्चर्य हुआ कि आज वे सब कहाँ चले गए। उसके पास तो उनमें से एक भी नहीं है। भाई के पास भी नहीं है। जाने कैसे इसी घर में वे कहीं बिला गए।

    इसी कोठरी में बड़े बाल्टों में साल साल-भर के लिए अनाज भर कर रखा जाता था। यह उसे बहुत पुरानी याद है, वरना जबसे वह हाईस्कूल में पहुँचा है तब से तो महीने-महीने का राशन उसे राशन वाले की दुकान में लाइन लगा कर लाना पड़ता था। इसी कोठरी में ऊपर एक दुछत्ती बनी थी जिसमें प्राकृतिक प्रकाश नाम की कोई चीज़ सर सी.वी.रमन के सिद्धांत के बावजूद कभी नहीं पहुँची। इसके अंदर घुसना भी एक कमाल हुआ करता था क्योंकि उसका रास्ता छत में एक चौकोर सूराख़ काट कर बनाया गया था। आज तो शायद वह उसमें घुस नहीं सकता। हाँ, जब छोटा था, तो ज़रूर गेहूँ के बाल्टे पर चढ़ कर, जो ठीक उस सूराख़ के नीचे रखा रहता था। घुस जाता था। यह दुछत्ती क्यों बनाई गई, वह कभी समझ नहीं पाया। शायद पिता ने सोचा रहा हो कि कभी इस घर में सोने-चाँदी की ईंटें हुई तो उन्हें जतन से छुपा कर रखना होगा। परंतु उसे जिन चीज़ों का ध्यान इस दुछत्ती में होने का है वह कुछ इस प्रकार थीं जैसे टूटे संदूक़ पुराने कनस्तर, ख़ाली बोतलें, पुराने जूते, टूटे छाते, बाँस के डलवे आदि। उसने सोचा, कोठरी का दरवाज़ा खोल कर अंदर जाए परंतु फिर टाल गया।

    इसी कोठरी की बग़ल में एक कमरा था, जिसे 'मुन्नू दादा वाला कमरा' कहा जाता था क्योंकि उसके चचाजाद भाई, जिनका नाम मुन्नू था, कभी इसमें रहा करते थे। उनकी सारी पढ़ाई-लिखाई, पालन-पोषण, शादी-ब्याह सब उसके पिता ने किया था। शादी के बाद मुन्नू दादा अपनी पत्नी के साथ इसी कमरे में रहा करते थे। उन थोड़े दिनों के लिए इस कमरे की हुलिया बदल गई थी। अन्यथा यह ख़ाली पड़ा रहता था। उन दिनों इसकी खिड़कियों में पर्दे लग गए थे। अंदर दीवालों पर कलेंडर तथा अन्य चित्र लगे थे। एक कोने में भाभी का श्रृंगारदान रखा रहता था। दो एक मेज़-कुर्सियाँ भी गई थीं।

    मुन्नू दादा की शादी, जो इसी शहर में हुई थी, मुहल्ले की कुछ नामी-गरामी शादियों में से एक थी। यह इसलिए था क्योंकि उनकी बारात में हाथी-घोड़े आदि शामिल थे। डेढ़-दो दर्जन स्त्री-पुरुष हाथों में रंगीन काग़ज़ों की झाँकियाँ लेकर चल रहे थे, जिनमें नोट चिपके थे। साथ ही मुहल्ले से निकलने वाली किसी बारात में पहली बार पुलिस बैंड आया था। भाँड और तवाइफ़ भी थीं। माँ ने इन सब बातों के लिए मना किया था परंतु पिता हठी क़िस्म के आदमी थे, शुद्ध मध्यवर्गीय संस्कारों से ग्रस्त। उन्होंने अपने प्रोविडेंट फंड से क़र्ज़ लिया था। महाजनों से भी कुछ उधार लिया था और जिसे घर फूँक तमाशा देखना कहते हैं, वही किया था यह सब इसलिए ताकि रिश्ते और मुहल्ले वाले कोई यह कह सकें कि भतीजे की शादी पर जगत बाबू कंजूसी कर गए। परंतु इसे बाद जो महाजनों का घर पर आने का सिलसिला शुरू हुआ तो पिता की मृत्यु के बाद तक समाप्त नहीं हुआ। एक महाजन तो उनकी मृत्यु के तीसरे-चौथे दिन ही धमका था क्योंकि उसके प्रोनोट की तारीख़ निकल रही थी और उसे भय था कि कहीं उनका बेटा प्रोनोट बदलने से इनकार कर दे।

    शादी कुछ और मायनों में भी उसके ख़ानदान में महत्व रखती थी। क्योंकि द्वाराचार के समय किसी बात को लेकर मुन्नू दादा ने अपने ससुर को झापड़ मार दिया था। ससुर ने तो कुछ नहीं कहा था परंतु लड़की वालों की तरफ़ से और लोग काफ़ी बिगड़ गए थे। बात लाठी-बंदूक़ तक पहुँची थी। आख़िर किसी तरह से निपटारा हुआ और मुन्नू दादा अपनी दुल्हन लेकर घर लौटे।

    परंतु इसके बाद मुन्नू दादा अधिक दिनों घर में नहीं रहे। उनकी पत्नी और उसकी माँ में कुछ अनबन रहने लगी। पहले तो घर में ही दो चूल्हे जले। और तब पहली बार नीचे के हिस्से में बनी कमरे से लगी हुई रसोई का इस्तेमाल हुआ अन्यथा जबसे मकान बना था, वह ख़ाली पड़ी हुई थी। परंतु यह सिलसिला भी ज़ियादा दिनों नहीं चला। जल्दी ही मुन्नू दादा घर छोड़ कर चले गए और धीरे-धीरे दोनों परिवारों में आना-जाना तक बंद हो गया। इस घटना के दस पंद्रह वर्षों बाद जब वह बड़ा हुआ और होली-दिवाली पर उसने मुन्नू दादा के यहाँ आना-जाना शुरू किया तो संबंध एक बाद फिर से बनने लगे।

    वह आँगन में खड़ा था। इसी आँगन में शादी-ब्याह के अवसरों पर मंडप बनाया जाता था। उसके ब्याह के समय भी यही मंडप बना था और हालाँकि शादी-ब्याह की रस्मों से उसे इंतिहा दर्जे तक चिढ़ थी फिर भी तेल-उबटन वाले कुछ स्वाँगों में उसे भाग लेना पड़ा था।

    मुन्नू दादा वाले कमरे की कुंडी बंद थी। उसने उसे खोला नहीं केवल खिड़की के सीखचों से, जिसमें दरवाज़े नहीं थे, अंदर झाँक कर देखा। अंदर अँधेरा और सीलन थी दीवाल पर गेरू से स्वास्तिक सा कुछ बना हुआ था।

    कुछ देर वह इसी तरह खिड़की के सींखचे पकड़े खड़ा रहा। तब वापस मुड़ गया। बाहर दहलीज़ में कर उसने नीचे के हिस्से के दरवाज़े की कुंडी लगा दी और सीढ़ियाँ चढ़ता हुआ ऊपर गया। सीढ़ियाँ चढ़ रहा था तो मोमबत्ती का पिघलता हुआ गर्म-गर्म मोम उसकी उँगली पर गिर पड़ा और वह जल गया। उसने मोमबत्ती दूसरे हाथ में पकड़ ली और जली हुई उँगली मुँह में डाल कर चूसने लगा। ऐसा करने से उसे कुछ राहत मिली।

    ऊपर पहुँचते ही वह एक बार फिर डर गया। उसके बिस्तर पर एक मोटी-सी काली बिल्ली बैठी थी। उसे देखते ही वहाँ से कूद कर वह दीवाल पर जा कर बैठ गई और वहाँ से उसे अपनी चमकदार आँखों से देर तक घूरती रही। उसने उसे भगाया तभी वह वहाँ से हटी।

    एक क्षण वह वहीं छत पर खड़ा रहा। तब मकान के ऊपर वाले भाग का निरीक्षण करने लगा। पहले उसने पीछे वाले हिस्से का कमरा खोला। यह काफ़ी बड़ा था। परंतु लोग इसमें रहते नहीं थे। ज़ियादातर इससे स्टोर का काम लिया जाता था। रोज़मर्रा इस्तेमाल होने वाला राशन, आटा, दाल, चावल आदि इसमें रखा जाता था। एक अलमारी थी, जो तरह-तरह के अचारों के मर्तबानों में भरी रहती थी। रोज़मर्रा के इस्तेमाल वाले बर्तन भी इसी कमरे में रहते थे। उसी ज़माने की लकड़ी की एक बड़ी-सी संदूक़ जिसमें देसी घी का बर्तन, तेल, मसाला आदि चूहों से बचाने के लिए रखे जाते थे। अब भी एक कोने में पड़ी थी। उसका ऊपर का ढक्कन, जो बीच से आधा खुलता था, टूट गया था। उसने निकट जा कर मोमबत्ती की रौशनी में उसमें झाँक कर देखा, उसमें कुछ कंडे और लकड़ी के टुकड़े पड़े थे।

    दीवाल पर 'हरछट' बन हई थी। यह कौन-सी देवी हैं, वह आज तक नहीं जान पाया। माँ किसी ख़ास दिन यह पूजा किया करती थीं। जब आता था, माँ सुबह से उपवास करके बड़ी लगन से पीड़े में रूई भिगो कर दीवाल पर यह चित्र अंकित करती। देवी का पेट चौकोर होता। चारों कोनों पर छोटे-छोटे दो पैर होते। ऊपर नुकीला बर्फ़ी नुमा सिर होता। पेट के अंदर माँ जाने क्या क्या सूरज-चाँद, गंगा-यमुना, सूप-चलनी आदि बनातीं। वह सोचता, यह देवी, जिनके पेट में सारा संसार समाया होता है, ज़रूर बड़ी शक्तिशाली होती होंगी। फिर आज तक उसने उनका नाम कहीं और क्यों नहीं सुना?

    इन्हीं देवी के साथ-साथ माँ एक और चित्र बनाती थीं। वह भी कुछ इसी तरह प्रकार का होता था। और उसे ऐसे स्थान पर बनाया जाता था कि देवी और धोबन एक दूसरे को देख सके। हिंदू समाज में धोबन का भी बहुत महत्व हैं। क्योंकि उसे याद है कि किसी और त्यौहार पर धोबन माँ को सुहाग देने आया करती थीं। माँ कहती थीं कि धोबन का सुहाग अमर होता है। सारे संसार को सुहाग बाँटने पर भी उसका सुहाग कम नहीं होता। मगर बावजूद इसके कि माँ हर वर्ष धोबन से सुहाग लिया करती थीं, और उसके अलावा भी अपने सुहाग की रक्षा के लिए कितने ही तीज-त्यौहार मनाती थीं, व्रत रखती थीं, उनकी मृत्यु विधवा होकर हुई थी।

    इस कमरे की छत भी चूती थी। यह तो उन्हीं दिनों से चूती थी जब वह यहाँ रहा करता था। छत की धन्नियाँ भी बोल गई थीं। उसने मोमबत्ती के प्रकाश में देखा, दीवालों पर पानी बहने के निशान थे। बीच की एक धन्नी भी काफ़ी नीचे झुक आई थी। यही एक कमरा था जिसमें पिता ने स्लैब डलवा कर धन्नियाँ डलवाई थीं। इसके पीछे भी शायद कहीं पैसों का अभाव था।

    कमरे से वह उसके बग़ल कोठरी में गया, जिसकी छत उसकी नौकरी लग जाने बाद पड़ी थी। इसमें खाना पका करता था जिसकी वजह से इसकी सारी दीवालें और छत धुंए से काली पड़ गई थीं। बहुत दिनों तक इसमें दरवाज़ा भी नहीं था, जिसके कारण अकसर बंदर इसमें घुस कर खाने-पीने का समान उठा ले जाते थे। बाद में ज़ीने का नीचे वाला दरवाज़ा वहाँ से उखड़वा कर यहाँ लगवा दिया गया। ज़ीने वाला दरवाज़ा उसके बाद आज तक नहीं लग सका।

    कोठरी से निकल कर छत पर से होता हुआ वह गली की तरफ़ वाले कमरे में गया, जिसमें अटैची रखी थी। इससे मिला हुआ कमरा और था जो शुरू में काफ़ी छोटा था परंतु बाद में उसकी शादी के अवसर पर उसे तोड़कर और बड़ा किया गया। विवाह के बाद वह इसी कमरे में रहने लगा था। रहने तो ख़ैर पहले से ही लगा था परंतु विवाह के बाद यह कमरा उसका निजी कमरा हो गया था और उसकी पत्नी के अलावा शायद ही कभी कोई इसमें आता हो। पत्नी का सारा सामान भी इसी कमरे में रखने लगा था। इसका भी एक दरवाज़ा बाहर बालकनी पर खुलता था।

    उसके विवाह के अवसर पर मकान में इस प्रकार के छोटे-मोटे कई परिवर्तन हुए थे। जैसे ऊपर छत पर जाने के लिए सीढ़ियाँ बनी थीं। मकान में बिजली का कनेक्शन लिया गया था। ऊपर गली की तरफ़ वाले दोनों कमरों में प्लास्टर हुआ था। बालकनी की दीवाल बनी थी। और एक बार फिर घर का घटता हुआ क़र्ज़ दुबारा बढ़ गया था।

    इस कमरे से होता हुआ वह फिर बालकनी पर गया। गली में लगा हुआ बिजली का बल्ब अब तक बुझ चुका था। केवल एक हल्की चाँदनी गली के फ़र्श और मकानों की दीवालों पर बिखरी हुई थी। इक्का-दुक्का किसी-किसी घर में प्रकाश हो रहा था। अन्यथा ज़ियादातर मकानों की बत्तियाँ गुल थीं।

    काफ़ी देर तक वह इसी तरह खड़ा रहा। गली में घटने वाली कितनी ही छोटी-बड़ी अनेक घटनाओं, शादी-ब्याह, लड़ाई-झगड़े प्रेम-विद्रोह, जन्म-मृत्यु का वह साक्षी था, सारी बातें उसे एक-एक कर याद रही थीं। कितने और नए लोग गए होंगे। कुछ अजीब-सी अनुभूति में डूबा सम्मोहित-सा वह बालकनी पर खड़ा रहा।

    थोड़ी देर ऐसे ही खड़े-खड़े उसने एक सिगरेट पी। तब वहाँ से हट आया। लौटते समय उसने बालकनी का दरवाजा बंद किया तो वह आसानी से बंद नहीं हुआ। दोनों पल्ले भिड़ा कर उसे ज़ोर से धक्का देना पड़ा। झटके की आवाज़ से साथ दरवाज़ा बंद हो गया परंतु साथ ही ढेर-सा प्लास्टर छत से टूट कर फ़र्श पर गिर पड़ा। मोमबत्ती, जिसे वह पहले ही बुझा चुका था, उसने अल्मारी पर रख दी और छत पर कर अपने बिस्तर पर लेट गया।

    इस मकान को बनवाने में पिता आर्थिक रूप से टूट गए थे। और बार-बार टूटे थे। परंतु यही मकान कई बार उनकी परेशानियों में आड़े भी आया था। कई बार उसे गिरवी रख कर उन्होंने बड़े-बड़े काम निकाले थे। आख़िरी बार तो यह हाथ से निकलते-निकलते रह गया था। आख़िर इसे छुड़ाने के लिए उन्हें देहात की सारी जायदाद बेचनी पड़ी थी।

    लेटे-लेटे उसने अनुमान लगाया कि इसकी मरम्मत में उसे कितना ख़र्च करना पड़ सकता है। लगभग एक हज़ार रुपए वह लेकर आया था। परंतु एक हज़ार में एक कमरे की स्लैब पड़नी भी मुश्किल थी। जिस जर्जर हालत को यह मकान पहुँच चुका था, यहाँ आते समय उसने इसकी कल्पना नहीं की थी। वैसे यहाँ उसके बहुत से मित्र थे, जिनसे ज़रूरत पड़ने पर वह क़र्ज़ ले सकता था। लेटे-लेटे वह उनके बारे में सोचने लगा।

    देर तक उसे नींद नहीं आई। एक बार तो उसकी आँख क़रीब-क़रीब लग गई थी परंतु तभी सिरहाने वाली दीवाल पर बिल्ली कर रोने लगी और उसकी नींद उचट गई।

    सुबह उसकी आँख देर से खुली। नहा-धो कर उसने कपड़े बदले और मकान में ताला लगाकर बाहर निकल आया। वह अपने किसी मित्र के यहाँ जा रहा था परंतु उससे क़र्ज़ लेने नहीं बल्कि मकानों का सौदा कराने वाले किसी दलाल का पता पूछने।

    स्रोत :
    • पुस्तक : श्रेष्ठ हिन्दी कहानियाँ (1960-1970) (पृष्ठ 46)
    • संपादक : केवल गोस्वामी
    • रचनाकार : कामतानाथ
    • प्रकाशन : पीपुल्स पब्लिशिंग हाउस प्रा. लिमिटेड

    यह पाठ नीचे दिए गये संग्रह में भी शामिल है

    Additional information available

    Click on the INTERESTING button to view additional information associated with this sher.

    OKAY

    About this sher

    Lorem ipsum dolor sit amet, consectetur adipiscing elit. Morbi volutpat porttitor tortor, varius dignissim.

    Close

    rare Unpublished content

    This ghazal contains ashaar not published in the public domain. These are marked by a red line on the left.

    OKAY

    जश्न-ए-रेख़्ता (2023) उर्दू भाषा का सबसे बड़ा उत्सव।

    पास यहाँ से प्राप्त कीजिए