Font by Mehr Nastaliq Web

गायन

gayan

अनुवाद : यतेन्द्र कुमार

तड़प रहा हूँ, जो दैविक है, उस गायन को,

मेरा हृदय प्यास में अपनी कुसुम मरणमय!

परसो! मंत्रों से अभिसिंचित मधु सी ध्वनि को,

तुम चाँदी के निर्झर-सी अब शिथिल करो लय!

मैं हूँ ज्यों तृणहीन भूमि है, मृदु जल कन से,

स्निय, अचेत, जब तक जागरन उठा फिर से!

उस मृदु ध्वनि की आत्मा को दो मुझको पीने!

और! और! पर हाय तृषाकुल, कितना व्याकुल!

खोल रही है ब्याल, जिसे जकड़ा चिंता ने,

मेरे उर पर, घुटते प्राण विकल जो पल-पल!

विचर रही संगीत लहर है अब घुल-घुल कर!

शिरा-शिरा से, बह-बह कर, मम उर मानस पर!

जैसे एक बनफ़्शा का सौरभ मुरझाया,

जोकि रुपहले झीलकूल पर उगा हुआ था!

ऊष्म-चाँद ने तुहिन-चषक से पी हुलकाया!

इसकी प्यास बुझाने कुहरे का धुआँ था!

हुआ बनफ़्शा मृत, सुरभि हो गई पलायित,

पवन परों पर चढ़कर, नीले जल पर विचरित!

ज्यों फेंनिल, उज्ज्वल, मर्मर करती मदिरा की,

मोहक प्याली पीकर कोई प्यास बुझाता!

प्रबल ऐन्द्रजालिका बनी है उसकी साक़ी!

उसके दिव्य स्नेह चुंबन का न्यौता पाता!

स्रोत :
  • पुस्तक : शेली
  • संपादक : यतेन्द्र कुमार
  • रचनाकार : पर्सी बिश शेली
  • प्रकाशन : भारत प्रकाशन मंदिर, अलीगढ़

Additional information available

Click on the INTERESTING button to view additional information associated with this sher.

OKAY

About this sher

Close

rare Unpublished content

This ghazal contains ashaar not published in the public domain. These are marked by a red line on the left.

OKAY