Font by Mehr Nastaliq Web

सीमाभूमि में जीना

simabhumi mein jina

अनुवाद : शायक आलोक

ग्लोरिया अन्सालदुआ

ग्लोरिया अन्सालदुआ

सीमाभूमि में जीना

ग्लोरिया अन्सालदुआ

और अधिकग्लोरिया अन्सालदुआ

    सीमाभूमि में जीने का अर्थ है कि तुम न पूरी तरह हिस्पाना हो, न इंडिया, न नेग्रा, न एस्पान्योला, न गबाचा;

    तुम एक मेस्तीसा हो, एक मुलाता, एक संकर संतान

    दो खेमों की गोलाबारी के बीच फँसी हुई

    अपनी पीठ पर पाँचों नस्लों का भार उठाए

    यह जाने बिना कि किस खेमे की ओर मुड़ो और भागो किससे

     

    सीमाभूमि में जीने का अर्थ है यह जानना

    कि तुम्हारे भीतर की इंडिया

    जिसके साथ पाँच सौ वर्षों तक विश्वासघात हुआ

    अब तुमसे बात नहीं करती

    कि मेक्सिकाना तुम्हें ‘राहेता’ (गद्दार) पुकारती हैं

    कि अपने भीतर के ऐंग्लो को नकारना

    उतना ही बुरा है

    जितना अपने भीतर के इंडियन या अश्वेत को नकारना।

     

    जब तुम सीमा पर रहती हो

    लोग तुम्हारे आर-पार चले जाते हैं

    हवा तुम्हारी आवाज़ चुरा ले जाती है

    तुम गधी हो, बैल हो, बलि का बकरा हो

    एक नई नस्ल की अग्रदूत

    आधी यह, आधी वह—

    स्त्री भी और पुरुष भी

    और इनमें से कोई नहीं—

    एक नया लिंग।

     

    सीमाभूमि में जीने का अर्थ है

    बोर्श्ट में मिर्च डालना

    गेहूँ की तोर्तिया खाना

    ब्रुकलिन के लहजे में टेक्स-मेक्स बोलना

    और सीमा-चौकियों पर इमिग्रेशन द्वारा रोके जाना।

     

    सीमाभूमि में जीने का अर्थ है

    कि तुम्हें पूरी ताक़त से लड़ना पड़ता है—

    बोतल से बुलाते सुनहरे अमृत के विरुद्ध

    बंदूक़ की नली के आकर्षण के विरुद्ध

    उस फंदे के विरुद्ध

    जो तुम्हारे गले की खोखल को कुचल देना चाहता है।

     

    सीमाभूमि में तुम वह रणभूमि हो

    जहाँ शत्रु एक-दूसरे के रक्त-संबंधी हैं

    तुम अपने घर में भी हो और अजनबी भी

    सीमा-विवाद मानो सुलझ चुके हैं

    फिर गोलियों की बौछार युद्धविराम तोड़ देती है

    तुम घायल हो, लापता हो, मृत हो

    और फिर भी प्रतिरोध कर रही हो।

     

    सीमाभूमि में जीने का अर्थ है

    कि उस्तरे-जैसे सफ़ेद दाँतों वाली चक्की

    तुम्हारी जैतूनी-लाल त्वचा को उधेड़ देना चाहती है

    तुम्हारे मूलबीज को कुचल देना चाहती है

    तुम्हारे हृदय को पीसती है, दबाती है, बेलती है,

    ताकि तुम सफ़ेद रोटी जैसी महको—

    पर भीतर से मृत हो जाओ।

     

    सीमाभूमि में जीवित रहने के लिए

    तुम्हें सीमाविहीन होकर जीना होगा—

    स्वयं एक चौराहा बनकर।

    ***

    स्रोत :
    • रचनाकार : ग्लोरिया अन्सालदुआ
    • प्रकाशन : हिन्दवी के लिए अनुवादक द्वारा चयनित

    Additional information available

    Click on the INTERESTING button to view additional information associated with this sher.

    OKAY

    About this sher

    Close

    rare Unpublished content

    This ghazal contains ashaar not published in the public domain. These are marked by a red line on the left.

    OKAY