प्रोग्रेस रिपोर्ट
progres riport
मेरे पास एक नया फ़ॉर्म था
नए फ़ॉर्म पर लिखा था—जीवित बचे व्यक्ति का नाम।
नए फ़ॉर्म ने मुझे नया नाम दिया
नया फ़ॉर्म नाम बदलने का एक रूप था
नाम बदलने ने मुझे नया रूप दिया
नए फ़ॉर्म पर लिखा था—प्रासंगिक इतिहास।
इतिहास प्रासंगिक हो सकता था
इतिहास अप्रासंगिक भी हो सकता था
इतिहास का एक रूप था
इतिहास नाम बदलने का एक रूप था
नए फ़ॉर्म पर लिखा था—दैनिक कार्यक्षमता।
दिनों को इतिहास द्वारा मापा जा सकता था
और वे इतिहास का माप भी थे
कार्यक्षमता को इतिहास द्वारा परिभाषित किया जा सकता था
और वह इतिहास की परिभाषा भी थी
दोनों का एक रूप था
दोनों नाम बदलने का एक रूप थे
नए फ़ॉर्म पर लिखा था—उत्तेजक कारणों की पहचान करें।
दरवाज़े के ताले में घूमती चाबी की क्लिक
और नए फ़ॉर्म पर लिखा था—बार-बार लौटने वाली स्मृतियों की पहचान करें।
एक पैर का दूसरे के आगे रखे जाना, बार-बार।
नए फ़ॉर्म पर लिखा था—जीवित रहने की रणनीतियों की पहचान करें।
उस डोरी को खींचना, जिसे मैं बत्ती के लिए समझता था
और मैंने निशान लगाया—तर्क गढ़ना।
छत का पंखा हेलिकॉप्टर के पंखों की तरह घरघराता हुआ
और मैंने निशान लगाया—इन्कार।
हाइनिकेन बीयर और जघन-स्वेद की गंध
और मैंने निशान लगाया—भविष्य के बारे में कल्पनाएँ करना।
वह वेदी; जहाँ मेरी माँ और मैं न्गाई क्वान थे
आ़म के सामने घुटनों के बल बैठे थे
मैंने निशान लगाया—अतीत के प्रति आसक्ति।
काँच के कटोरे में सजे ताज़े संतरे
और मैंने निशान लगाया—खानों में बाँट देना।
बैठक से शयनकक्ष तक जाता गलियारा
और मैंने निशान लगाया—वियोजन।
मेरे बिस्तर से उतारी गई चादरें
और मैंने निशान लगाया—न खाना।
हाईस्कूल की सालाना पुस्तकों का ढेर
और मैंने निशान लगाया—बाध्यकारी भोजन।
मेरे नाम से बनाई हुई जिम की वर्दी
और मैंने निशान लगाया—न सोना।
साइंस फ़ेयर की ट्रॉफ़ी का फ़र्श से टकराने का शोर
और मैंने निशान लगाया—अत्यधिक सोना।
कक्षा पाँच में लिखी मेरी कविता
जिसमें हार्ट का तुक स्टार्ट से मिलाया था
मैंने निशान लगाया—यौन-संबंध से बचना।
मेरे पिता के बग़ल में बैठे मेरे फ़ोटोग्राफ़
और मैंने निशान लगाया—बाध्यकारी यौन-संबंध।
‘93 मॉडल’ की माज़्दा एमपीवी का फ़ोटोग्राफ़
जिसे कहा जाता है, उसने आइसक्रीम ट्रक में बदल दिया था
मैंने निशान लगाया—हास्य।
दीवार में वे छेद जहाँ कभी कीलें थीं
और मैंने निशान लगाया—स्व-हानि।
खिड़की से आती हवा
और मैंने निशान लगाया—देखभाल करना।
बिजली से अलग की गई अलार्म घड़ी
और मैंने निशान लगाया—नशीले पदार्थों का प्रयोग।
कमरा, समय से भी रिक्त
और मैंने निशान लगाया—व्यस्त बने रहना।
हवा मानो जल रही हो
और मैंने निशान लगाया—दूसरों को नियंत्रित करना।
रख लेने वाली चीज़ों का ढेर और फेंक देने वाली चीज़ों का ढेर
और मैंने निशान लगाया—पूर्णतावाद।
(छोड़ दो।)
मैंने निशान लगाया—दुराचार की पुनरावृत्ति।
कुछ भी न रखने का निर्णय
और मैंने निशान लगाया—दमन।
(मुक्त कर दो।)
मैंने निशान लगाया—अराजकता पैदा करना।
झाड़ू का धूलदान में बुहार देना, उस आवश्यकता को जो पकड़े रहना चाहती थी
नए फ़ॉर्म पर लिखा था—वे तरीक़े जिनसे यह रणनीति मेरे लिए उपयोगी है।
मैंने एक नई शुरुआत चुनी।
नए फ़ॉर्म पर लिखा था—वे तरीक़े जिनसे यह रणनीति मुझे क्षति पहुँचाती है।
मैंने एक नया हृदय चुना।
नए फ़ॉर्म पर लिखा था—कुछ चीज़ें जिन्हें मैं बदलना चाहता हूँ।
मैंने वह स्थान ख़ाली छोड़ दिया।
(मुझे बदल दो।)
मैंने वह स्थान छोड़ दिया।
(मुझे बदल दो।)
मैंने उस रिक्तता को छोड़ दिया।
(मुझे बदल दो।)
वह ख़ाली स्थान ही मेरा उत्तर था।
***
- रचनाकार : पॉल ट्रान
- प्रकाशन : हिन्दवी के लिए अनुवादक द्वारा चयनित
Additional information available
Click on the INTERESTING button to view additional information associated with this sher.
About this sher
rare Unpublished content
This ghazal contains ashaar not published in the public domain. These are marked by a red line on the left.