अम्मी का चूल्हा

ammi ka chulha

फ़रीद ख़ाँ

फ़रीद ख़ाँ

अम्मी का चूल्हा

फ़रीद ख़ाँ

और अधिकफ़रीद ख़ाँ

    मैं उस समय की बात कर रहा हूँ जब कोयले के चूल्हे जलते थे,

    और छप्पर से धुँआ उठता था।

    ईंट-ईंट जोड़कर अपने हाथों से अम्मी बनाती थीं मिट्टी का चूल्हा।

    कुशल कारीगर की तरह अपने स्थापत्य में वह तल्लीन रहतीं।

    इतनी तन्मयता तो कभी उनके सजने-सँवरने में भी नहीं दिखी।

    वह इस क़दर एकाग्रचित होकर अपना हुनर दिखातीं,

    मानो अपना घर बना रही हों।

    वह असल में अपने घर बनाने की ऊर्जा ही यहाँ लगा रही थीं।

    अपने घर की दीवारें, कमरें, दरवाज़े ही होते थे उनके मन में,

    जब वह चूल्हा बनाती थीं।

    अगर होता, तो वह घर भी उतना ही सोंधा और लिपा-पुता होता।

    दो अलावों की तरह ही होते दो कमरे

    और एक दरवाज़ा होता जहाँ से वह लाकर डालतीं कोयला

    फिर पकता इतना खाना उस घर में

    कि राज़ी-ख़ुशी सबको पूरा पड़ता।

    बहरहाल, नया चूल्हा बनने के बाद जो खीर बनती

    वह उनके गृह-प्रवेश की ही खीर होती थी।

    गीली मिट्टी की महक और खीर के स्वाद में उनकी प्रतिभा का सुख था।

    रात को थपकी देकर चूल्हे को सुला देतीं

    और चूल्हा भी मानो पालकी में सोया कोई बच्चा बन जाता।

    फिर वह ख़ुद भी थक कर सो जातीं।

    उन्हें सपनों में चूल्हा आता,

    नए-नए निर्माण के तरीक़े आते।

    खोरनी आती, फूँकनी आती, परेशान करने वाला धुआँ आता।

    वह बड़बड़ाती जातीं; डोई के रखने की जगह बनानी है।

    अभी तो दल-घोटनी के टाँगने के लिए भी कील चाहिए।

    अदहन उतार कर दाईं तरफ़ रखें या बाईं तरफ़?

    ...और रात कट जाती।

    जब से गैस का चूल्हा आया, उनका निर्माण कौशल जाता रहा।

    फिर से एक बार चूल्हा बनाने का उनका सपना

    सपना ही रह गया।

    गुज़रते हुए वक़्त के साथ अब तो उनकी शक्ल में ही दिखने लगा है चूल्हा।

    दो सूने अलावों की तरह सूनी दो आँखें,

    टिकी रहती हैं अशोक राजपथ पे कोयले का इंतज़ार करती हुईं।

    सपनों में ही वह अब बना पाती हैं; दो अलावों की तरह दो कमरे, एक दरवाज़ा।

    सपनों में ही ख़रीदकर ले आती हैं कोयला और रात गुज़र जाती है।

    स्रोत :
    • रचनाकार : फ़रीद ख़ाँ
    • प्रकाशन : हिन्दवी के लिए लेखक द्वारा चयनित

    संबंधित विषय

    यह पाठ नीचे दिए गये संग्रह में भी शामिल है

    Additional information available

    Click on the INTERESTING button to view additional information associated with this sher.

    OKAY

    About this sher

    Lorem ipsum dolor sit amet, consectetur adipiscing elit. Morbi volutpat porttitor tortor, varius dignissim.

    Close

    rare Unpublished content

    This ghazal contains ashaar not published in the public domain. These are marked by a red line on the left.

    OKAY

    जश्न-ए-रेख़्ता (2023) उर्दू भाषा का सबसे बड़ा उत्सव।

    पास यहाँ से प्राप्त कीजिए