Font by Mehr Nastaliq Web

आज

aaj

अनुवाद : शिवम तोमर

मैं एक ऐसी कविता लिखता हूँ

जिसके शब्द कविता बनने से पहले

टुकड़ा-टुकड़ा बिखरे पड़े मिलते हैं

पीलक पक्षी अब नहीं पुकारता

मैं जानता हूँ कि उसकी पुकार दुबारा नहीं सुन सकूँगा

एक बच्चे की चित्र-पुस्तक में

वह पक्षी अब एक नाम मात्र है

मुझे याद है वह मृत गौरैया

जिसे मैंने एक वसंत की सुबह उठाया था

कैसे उस छोटे से एक दुःख ने

मुझे इंसान बना दिया था

मेरा हृदय जिसे कोई भी ठीक तरह से नहीं समझ सका

वह अपने ही तरह के एक पथराए अकेलेपन में क़ैद है,

वे सभी दृश्य भी जिनके प्रति कभी मैं आसक्त रहा :

बारिश में आपस में गुँथे हुए मेंढकों का प्रेम

देवदार के पेड़ों पर झूलते चमगादड़

और वह अंधकार का रंग

जो प्रकाश को पूरी तरह बुझा सकने में समर्थ था

आओ इस क्षण के ठीक बीच से गुज़रें

इसमें ख़ून, पेंट, पेट्रोल, सीमेंट,

लिपस्टिक और फ़ैक्ट्री के कचरे की गंध है

पेड़ों की मौत की बड़बड़ाहट है।

रोओ बच्चो!

अपने रुदन को प्रतिध्वनित किए बिना

रेशम से ढके इस उनींदे शहर से गुज़रो

इस पृथ्वी की ख़ामोशी को रोओ

स्रोत :
  • पुस्तक : सदानीरा पत्रिका
  • संपादक : अविनाश मिश्र
  • रचनाकार : जयंत महापात्र

Additional information available

Click on the INTERESTING button to view additional information associated with this sher.

OKAY

About this sher

Close

rare Unpublished content

This ghazal contains ashaar not published in the public domain. These are marked by a red line on the left.

OKAY